Police crackdown on drink and drive in Balrampur | बलरामपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस की सख्ती: 11 महीनों में 1,112 मामले दर्ज, 1 करोड़ जुर्माना वसूला,लेकिन शराब की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि – Balrampur (Ramanujganj) News

Author name

December 4, 2025



बलरामपुर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती का असर दिख रहा है। पिछले 11 महीनों में ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई के बाद सड़क हादसों में कमी आई है, हालांकि जिले में शराब की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।

.

पुलिस ने धारा 185 के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 11 महीनों में 1,112 ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले दर्ज किए। इनमें से 1,019 मामलों को कोर्ट में पेश किया गया। नए मोटर व्हीकल नियमों के तहत शराब पीकर वाहन चलाने पर न्यूनतम 10,000 रुपये का जुर्माना है, जिससे केवल ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों से 1 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया है।

पुलिस की सख्ती से सड़क हादसों में कमी

पुलिस की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप सड़क हादसों के आंकड़ों में गिरावट आई है। वर्ष 2024 में कुल 332 सड़क हादसे हुए थे, जिनमें 203 लोग घायल हुए और 222 लोगों की मौत हुई। वहीं, जनवरी से नवंबर 2025 तक 284 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 233 लोग घायल हुए और 190 लोगों की जान गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विश्वदीप त्रिपाठी ने बताया कि ‘ड्रिंक एंड ड्राइव पर लगातार कार्रवाई के कारण हादसों और मृत्यु के आंकड़े कम हुए हैं। सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।’

शराब की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर

एक ओर जहां सड़क हादसों में कमी आई है, वहीं दूसरी ओर जिले में शराब की खपत में कमी नहीं आई, बल्कि इसमें तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बलरामपुर, राजपुर, वाड्रफनगर, रामानुजगंज और कुसमी सहित जिले की पांच मदिरा दुकानों से हर महीने करोड़ों रुपये की शराब बेची जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2024 में 2 करोड़ 59 लाख 93 हजार 350 रुपये की शराब बिकी थी, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 3 करोड़ 65 लाख 86 हजार 130 रुपये हो गया। यह एक महीने में 1 करोड़ 5 लाख 92 हजार 780 रुपये की वृद्धि दर्शाता है।

आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2024 के बीच कुल 18 करोड़ 83 लाख 80 हजार 250 रुपये की शराब बिकी थी। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2025 के दौरान यह बिक्री बढ़कर 25 करोड़ 8 लाख 67 हजार 300 रुपये हो गई, जो सात महीनों में 6 करोड़ 24 लाख 89 हजार 50 रुपये की बढ़ोतरी है।



Source link