प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, इसके साथ ही उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में लगतार गिरावट जारी है। IMD का अनुमान है कि आने वाले 2-3 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। शनिवार को प्रदेश में सबसे कम तामपान 4.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
Publish Date: Sun, 07 Dec 2025 06:52:39 AM (IST)
Updated Date: Sun, 07 Dec 2025 06:56:21 AM (IST)

HighLights
- अंबिकापुर में न्यूनतम तामपान 4.6 डिग्री से. दर्ज
- रायपुर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस
- अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है और उत्तर व मध्य क्षेत्रों में शनिवार को शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।
कई स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट देखी गई, जिनमें अंबिकापुर और पेंड्रा रोड सबसे ठंडे रहे। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा का 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2–3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभव है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि सात दिसंबर को रायपुर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे रात का सर्द प्रकोप बढ़ गया है। अंबिकापुर 4.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि पेंड्रा रोड में तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियसकम है।
माना एयरपोर्ट में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर और अन्य स्थानों पर भी रात का तापमान सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, यूपी-बिहार सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर के साथ कोहरे का अलर्ट
मौसम शुष्क, अगले दिनों में हल्की बढ़त संभव
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं भी वर्षा नहीं हुई और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। आर्द्रता सुबह 54 प्रतिशत और शाम को 49 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की औसत गति दो किमी प्रति घंटा रिकार्ड हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक दिन तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2–3डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
रायपुर का मौसम
रायपुर के लिए सात दिसंबर को आंशिक बादल छाने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। फिलहाल प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।