राजधानी में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। लाभांडी से सरोना चौक तक सर्विस रोड क …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। लाभांडी से सरोना चौक तक सर्विस रोड को दोनों ओर 10-10 मीटर चौड़ी की जाएगी। इस कार्य के लिए सर्विस रोड पर किए गए 382 अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
एनएचएआइ अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग की जमीन का अधिग्रहण करीब 20 वर्ष पहले ही किया जा चुका था, लेकिन कई स्थानों पर भू-स्वामियों द्वारा दोबारा कब्जा कर लिया गया है, जिसे अब हटाया जाएगा। वर्तमान में एनएच-53 पर दोनों ओर सर्विस रोड की चौड़ाई 5-5 मीटर है।
करीब 15 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में सर्विस रोड के किनारे नई नालियों का निर्माण भी किया जाएगा, जो पूरी तरह कवर्ड रहेंगी। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
भू-अर्जन की जरूरत नहीं
एनएचएआइ के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सर्विस रोड चौड़ीकरण के लिए प्राधिकरण के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, इसलिए किसी प्रकार के नए भू-अर्जन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अतिक्रमण हटने के बाद चौड़ी और सुव्यवस्थित सर्विस रोड तैयार की जाएगी। चौड़ीकरण के बाद सर्विस रोड पर वाहनों की पार्किंग पर भी प्रतिबंध रहेगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी अंतिम चरण में
अधिकारियों के अनुसार एक माह के भीतर डीपीआर तैयार होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और फरवरी से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्रस्तावित फ्लाईओवर स्थलों पर मिट्टी परीक्षण (जियो-टेक सर्वे) का कार्य तेजी से जारी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मजबूती की जाएगी।