20,000 rupees stolen from a woman’s bag in Dhamtari | धमतरी में महिला के बैग से 20 हजार चोरी: ई-रिक्शा में हुई घटना, पुलिस ने महाराष्ट्र की तीनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया – Dhamtari News

Author name

December 29, 2025


छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक महिला के बैग से 20 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। यह घटना ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान हुई, जिसमें तीन अन्य महिलाओं ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

.

जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर को सरिता त्रिपाठी (35 वर्ष), निवासी मराठापारा, धमतरी, अपनी बेटी के साथ कारगिल चौक से गणेश चौक की ओर ई-रिक्शा में जा रही थीं। उनके बैग में 20 हजार रुपये नकद थे, जो उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण में लगे मजदूरों को भुगतान करने थे। रास्ते में ई-रिक्शा में बैठी तीन अन्य महिलाओं ने उनके बैग से पैसे निकाल लिए।

जब सरिता त्रिपाठी ने मजदूरों को भुगतान करने के लिए अपना बैग देखा, तो उसमें से 20 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की।

सीसीटीवी से संदिग्ध महिलाओं की तलाश की

जांच के दौरान, पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से संदिग्ध महिलाओं की तलाश की। रामबाग के पास ई-रिक्शा रोकने और उसमें बैठकर यात्रा करने वाली अज्ञात महिलाओं पर संदेह गहराया। लगातार पड़ताल के बाद, तीनों संदिग्ध महिलाएं विंध्यवासिनी मंदिर के पास घूमती मिलीं, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया।

गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान प्रिया इंचुरकर (40 वर्ष), निवासी एम.जी. नगर, तारसा रोड, कन्हान, नागपुर (महाराष्ट्र); रंजू सेंडे (50 वर्ष), निवासी मुंडीकोटा, घोघरा चौकी, तिरोडा, गोंदिया (महाराष्ट्र); और संगीता पाथरे (40 वर्ष), निवासी सतरापुर, खंडरवार कंपनी, कन्हान, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों से कुल 8,680 रुपये नकद जब्त किए गए हैं, जिसमें प्रिया इंचुरकर से 3,650 रुपये, रंजू सेंडे से 2,250 रुपये और संगीता पाथरे से 2,780 रुपये शामिल हैं। शेष राशि उन्होंने खर्च कर दी थी।



Source link