सरगुजा और बिलासपुर संभाग में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट, तापमान में भारी गिरावट से बढ़ेगी कड़ाके की ठंड

Author name

January 6, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। पिछले कुछ दिनों की हल्की राहत के बाद एक बार फिर ठंड ने जोरदार वापसी की है। प्रदेशभर में रात के तापमान में भारी गिरावट आयी है। उसके साथ ही सुबह छाया कोहरा और सर्द हवाओं ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरा और शीतलहर की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि पांच से सात जनवरी के बीच प्रदेश के कई जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा और शीतलहर चल सकती है। बिलासपुर भी इससे अछूता नहीं रहेगा। विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों में रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक और गिर सकता है। ऐसे में अलाव, गर्म कपड़ों और सावधानी की जरूरत बढ़ गई है।

मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों अनुसार सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तामपान 4.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सर्वाधिक तामपान 30.9 डिग्री दुर्ग में रहा। वहीं मौसम विभाग की ओर से उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

न्यायाधानी में मौसम

न्यायधानी में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात ठंड अचानक बढ़ गई। जहां एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार सुबह यह गिरकर 12.6 डिग्री पर पहुंच गया। यानी रात के तापमान में लगभग 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि गिरावट का आंकड़ा सीमित रहा, लेकिन रात में चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन का एहसास कहीं ज्यादा करा दिया।

सोमवार सुबह शहर हल्के से मध्यम कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटा जरूर, लेकिन धूप में वह तपिश नहीं थी जो पिछले दिनों महसूस हो रही थी। हवा में नमी और ठंडक बनी रही, जिससे दिन में भी हल्की सिहरन महसूस होती रही।

पेंड्रारोड में कड़ाके की ठंड

पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पेंड्रारोड में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं।

कोहरा और शीतलहर से सावधानी

कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, फाग लाइट का उपयोग करें। ठंड से बचने के लिए ऊनी कपड़े पहनें, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान में रखें। सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और गर्म पेय का सेवन करें।

यह भी पढ़ें- Weather Update: MP के खजुराहो, नौगांव सहित छतरपुर में कड़ाके की सर्दी… IMD ने बुंदेलखंड में जारी किया बारिश का अलर्ट

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तामपान

शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
बिलासपुर 24.8 12.6
पेंड्रारोड 18.8 6.8
अंबिकापुर 19.1 4.8
माना (रायपुर) 26.2 12.1
जगदलपुर 28.3 12.9

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पांच से सात जनवरी तक बिलासपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर की स्थिति बन सकती है। रात के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट संभव है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



Source link