मनेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी (एमसीबी) ने जिले में बढ़ती अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
.
जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने बताया कि जिले के कई विभागों से अनियमितता और भ्रष्टाचार की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों के मद्देनजर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने का फैसला किया है।
प्रवक्ता के अनुसार, आंदोलन की शुरुआत 12 जनवरी को वन परिक्षेत्र खड़गवां कार्यालय के घेराव से होगी। इसके बाद, 19 जनवरी को कलेक्ट्रेट कार्यालय और 28 जनवरी को नगरपालिका परिषद मनेंद्रगढ़ का घेराव किया जाएगा।

शिकायतों पर कार्रवाई नहीं पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
सौरव मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रशासन का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।
इस चरणबद्ध आंदोलन में जिले भर के शीर्ष कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
