10 वर्षों से सक्रिय डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, हाईवे पर खड़े ट्रकों से करते थे चोरी… CG पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Author name

January 26, 2026


सरगुजा जिले में लंबे समय से हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। करीब 10 वर्षों से सक्रिय इस गिरो …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 25 Jan 2026 08:03:36 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Jan 2026 08:03:36 PM (IST)

10 वर्षों से सक्रिय डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, हाईवे पर खड़े ट्रकों से करते थे चोरी... CG पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डीजल चोरी करने वाले आरोपी MP के कोतमा से गिरफ्तार।

HighLights

  1. स्कॉर्पियो और बलेनो से करते थे वारदात
  2. पुलिस ने वाहन और जरीकेन जब्त किए
  3. अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश के कोतमा (जिला अनूपपुर) में की गई। आरोपी बीते करीब 10 वर्षों से सरगुजा, सूरजपुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय थे।

पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

डीआइजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान देवेन्द्र लोनी (28 वर्ष) और शिव प्रसाद लोनी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलपुर नदिया टोला के निवासी हैं।

ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार आरोपी स्कॉर्पियो और बलेनो कार का उपयोग कर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। डीजल टंकियों से पाइप की मदद से डीजल निकालकर उसे बेच दिया जाता था और प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी। पूछताछ में आरोपितों ने कई वर्षों से इस तरह की चोरी करना स्वीकार किया है।

जब्त सामग्री और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन, चार जरीकेन और पाइप जब्त किए हैं। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

यह था पूरा प्रकरण

प्रार्थी अबोध कुमार सिंह, निवासी वार्ड क्रमांक 40 छावनी भिलाई, थाना जामुल जिला दुर्ग ने 11 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर 2025 को एसीसी प्लांट जामुल भिलाई से सीमेंट लोड कर जिंदल ट्रेडर्स अंबिकापुर पहुंचे थे। 10 नवंबर को रिंग रोड पर ट्रक खड़ा कर सो रहे थे, तभी रात करीब तीन बजे कुछ युवकों ने डीजल चोरी की और विरोध करने पर चाकू व गुलेल से मारपीट कर फरार हो गए।

टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा और साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



Source link