CG Crime: पुरानी रंजिश के चलते छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोतवाली क्षेत्र के डीपरापारा में पहले घर में आग लगाई गई और उसके बाद नाबालिग से सरेराह मारपीट …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। पुरानी रंजिश के चलते कोतवाली क्षेत्र के डीपरापारा में पहले घर में आग लगाई गई और उसके बाद नाबालिग से सरेराह मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों ही मामलों में एक ही युवक का नाम सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इससे पहले भी संदेही ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी थी। दोनों मामलों में अब पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।
पुराना हाई कोर्ट के पीछे अटल आवास के सामने रहने वाली कशिश चौधरी (20) ने पुलिस को बताया कि 26 जनवरी की रात वे परिवार के साथ भोजन कर सो गई थीं। तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच आग जलने जैसी आवाज आने पर वे जागीं तो देखा कि घर में आग लगी हुई थी। इसी दौरान बाहर किसी व्यक्ति के भागने की आवाज भी सुनाई दी। महिला के पति सौरभ चौधरी और देवर शांतनु चौधरी ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
महिला ने पुलिस को बताया कि इससे एक दिन पहले 25 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे शुभम चौहान ने उनके घर के पीछे उनके देवर शांतनु चौधरी के साथ गाली-गलौज की थी। मना करने पर शुभम चौहान ने घर में आग लगाने की धमकी दी थी। इसी आधार पर उन्हें संदेह है कि आगजनी की घटना शुभम चौहान ने ही अंजाम दी है। इधर, दूसरी घटना 28 जनवरी की दोपहर करीब 1:30 बजे की है।
16 वर्षीय शांतनु चौधरी, जो गैरेज में काम करता है, दयालबंद से खाना खाने घर लौट रहा था। दयालबंद चौक के पास शुभम चौहान और अंशु सालवे उर्फ लल्ला ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे मां-बहन की गालियां दीं। विरोध करने पर शुभम चौहान ने लोहे की वस्तु से और अंशु सालवे ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में शांतनु के कान, नाक और चेहरे में चोटें आई हैं।