मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दामाखेड़ा संत समागम में शामिल हुए:समारोह की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख करने की घोषणा की

Author name

February 1, 2026




मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सद्गुरू कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब और पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर व श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए संत समागम समारोह के लिए दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपए करने की घोषणा की। समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कबीरपंथी समाज की ओर से स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष माघ मेला के पहले दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के 16वें वंशाचार्य पंथीश्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी कबीरपंथी संत समागम मेला में शामिल होने आए हैं। समारोह को शासन-प्रशासन का पूरा सहयोग मिला है। मुख्यमंत्री साय ने दी माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर साल भव्य होता जा रहा है, जो लोगों में बढ़ती आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर व्यापक प्रभाव है, जिसके कारण यहां के लोग शांतिप्रिय हैं और छत्तीसगढ़ विकसित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित होने का जिक्र किया और बताया कि उनके गांव बगिया में भी 8-10 कबीरपंथी परिवार हैं। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम ‘कबीर धर्मनगर’ करने के संबंध में बताया कि राजपत्र में प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री बोले- छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार से विकास में तेजी जारी मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा नक्सलवाद जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा किया है और लोगों को ‘डबल इंजन’ सरकार का फायदा मिल रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को बहुत आगे ले जाने और एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पंथ श्री के दर्शन कर लिया आशीर्वाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अद्भुत और अलौकिक रहा। पंथ श्री ने वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे है। आज के कार्यक्रम में पंथ श्री के दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं और शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हैं। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पंथश्री उदित मुनि नाम साहब,गुरूगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता सहित सदगुरू कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण, अधिकारी -कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथी उपस्थित थे।



Source link