नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार और ट्रैक रखरखाव का कार्य किया जाना है। स्टेशन के प्लेटफार्म-3 की लाइन क्रमांक-5 में स्थित वाशेबल एप्रन को डिस्मेंटल कर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे प्रशासन यह कार्य पांच अप्रैल से 24 अप्रैल तक करेगा। इस दौरान गोंदिया स्टेशन की अप लाइन पर 20 दिनों तक रेल यातायात पूरी तरह बाधित रहेगा। इसके चलते रेलवे ने शालीमार, कोरबा और रायगढ़ रूट की 14 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद कर दिया है। जबकि सात ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट (गंतव्य से पहले समाप्त) किया जाएगा।
20 दिनों तक रद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस (18030) शालीमार से चार से 24 तक और एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस मुंबई से छह से 26 अप्रैल तक रद रहेगी। इसी तरह कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस पांच से 25 और अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस सात से 27 अप्रैल तक नहीं चलेगी।
स्थानीय पैसेंजर ट्रेनों में बल्लारशाह-गोंदिया मेमू और गोंदिया-कटंगी डेमू पैसेंजर भी पांच से 25 अप्रैल तक पटरी से उतरी रहेंगी।
प्रभावित होने वाली एक्सप्रेस गाड़ियां
1. निजामुद्दीन-रायगढ़ एक्सप्रेस : दो से 22 अप्रैल के बीच विभिन्न 15 तिथियों में रद रहेगी।
2. रायगढ़-निजामुद्दीन एक्सप्रेस : चार से 24 अप्रैल के बीच विभिन्न 15 तिथियों में नहीं चलेगी।
3. विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस : विशाखापत्तनम से पांच से 23 और निजामुद्दीन से सात से 25 अप्रैल के बीच निर्धारित तिथियों में रद रहेगी।
4. एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस : मुंबई से चार से 21 और शालीमार से छह से 23 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में निरस्त की गई है।
शालीमार और मुंबई रूट पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं, बढ़ेगी मुसीबत
गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत में ट्रेनों के रद होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विशेषकर शालीमार और मुंबई रूट पर चलने वाले यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से टिकट रिफंड और यात्रा प्लान बदलने की स्थिति बन गई है। रेलवे का कहना है कि ट्रैक को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए यह कार्य अनिवार्य है।