नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में सक्रिय पुलिसिंग का बड़ा असर देखने को मिला। घोराही तालाब रामकुंड क्षेत्र में दो युवकों का अपहरण कर बंधक बनाकर वसूली की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद, दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी, झोपड़ी से दो बंधक मुक्त
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि थाना आजाद चौक क्षेत्र के रामकुंड स्थित घोराही तालाब के पास दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी इशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में दबिश दी गई, जहां से धमतरी निवासी जीवन यदु और राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त कराया गया।
2 लाख के विवाद में रची थी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि करीब दो लाख रुपये के लेन-देन विवाद को लेकर आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों युवकों को करबला तालाब के पास से अगवा किया था। हथियारों के बल पर मारपीट कर जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही नगद रकम, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी लूट ली गई। पुलिस की त्वरित रणनीतिक कार्रवाई से बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को धर दबोचा गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें कामरान अब्बास (29), नवीन उर्फ नन्नू ढीमर (19), लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन (19), राकेश धीवर (24), अनिल धीवर (30) और हरिओम सोनकर (47) शामिल हैं। सभी आरोपी आजाद चौक थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।
मुख्य आरोपी पर 14 से अधिक अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी हरिओम सोनकर के खिलाफ 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के प्रकरण शामिल हैं। वहीं अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
यह भी पढ़ें- शराब और DMF घोटाले में दो नई गिरफ्तारियां, पूर्व आबकारी अधिकारी नवीन तोमर और कारोबारी सतपाल छाबड़ा अरेस्ट
इन धाराओं में मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।