CG Accident: राजधानी रायपुर में सोमवार को सिलसिलेवार सड़क हादसों ने शहर को दहला दिया। नेशनल हाईवे से लेकर शहर के भीतरी इलाकों तक कुल पांच बड़ी दुर्घटन …और पढ़ें

HighLights
- सड़क सुरक्षा पर सवाल, रायपुर में एक दिन में पांच बड़े हादसे
- तेलीबांधा में ट्रक की चपेट में आने से सोनू पाटिल की मौत
- नया रायपुर में हवा में उछलकर पेड़ों में फंसी कार,डॉक्टर गंभीर
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। शहर के अलग-अलग हिस्सों और नेशनल हाईवे पर हुए पांच बड़े सड़क हादसों ने यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। इन घटनाओं में एक युवक की दुखद मौत हो गई, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

तेलीबांधा: ट्रक की चपेट में आने से बुझा घर का चिराग
सोमवार की सबसे हृदयविदारक घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान मंदिर हसौद निवासी सोनू पाटिल के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नया रायपुर: पेड़ों के बीच हवा में लटकी कार
एक अन्य विस्मयकारी हादसा नया रायपुर के मंदिर हसौद थाना इलाके में देखने को मिला। यहां देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे हवा में उछल गई और दो पेड़ों के बीच जाकर फंस गई। कार चालक, जो कि सत्य साईं अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर बताए जा रहे हैं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कार की स्थिति देखकर बचाव दल भी हैरान रह गया। घायल डॉक्टर का उपचार अस्पताल में जारी है।

कोतवाली और रिंग रोड पर भी कहर
कोतवाली थाना क्षेत्र में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक ट्रक ने दो राहगीरों को बुरी तरह कुचल दिया। दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा पचपेड़ी नाका, विधायक (MLA) रेस्ट हाउस और राजेंद्र नगर चौक के पास भी वाहनों के बीच भिड़ंत हुई। रिंग रोड पर हुई इन टक्करों के कारण काफी समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया।

बूढ़ापारा: फिसलन बनी हादसों का सबब
शहर के व्यस्ततम इलाके बूढ़ापारा में एक अलग तरह का खतरा देखने को मिला। यहां सड़क पर भारी मात्रा में इंजन ऑइल गिर जाने के कारण देखते ही देखते कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। इस अचानक आई मुसीबत में चार से पांच लोग चोटिल हुए हैं। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत और मिट्ट डलवाकर सड़क को साफ कराया ताकि और हादसे न हों।

इन तमाम घटनाओं ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है, लेकिन लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं रायपुर की सड़कों पर सुरक्षित सफर की दावों पर सवालिया निशान लगा रही हैं।