रायपुर कोतवाली थाने में निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ ब्राह्मण समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में FIR दर्ज की गई है। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के उपाध्यक्ष ने वैमनस्य फैलाने व धार्मिक भावनाएं आहत करने के तहत शिकायत की। पुलिस ने धारा 196 और 302 के तहत जांच शुरू की।
By Anurag Mishra
Publish Date: Tue, 22 Apr 2025 07:44:44 PM (IST)
Updated Date: Tue, 22 Apr 2025 07:44:44 PM (IST)

HighLights
- FIR रायपुर कोतवाली में देर रात दर्ज की गई।
- मामला धारा 196 और 302 के तहत दर्ज हुआ।
- पुलिस ने आग की कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। ब्राह्मण समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ रायपुर के कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज की गई है। यह मामला समाज में विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दर्ज किया गया है।
एफआइआर सोमवार देर रात सिटी कोतवाली थाना रायपुर में दर्ज की गई। शिकायत रायपुर निवासी पंडित नीलकंठ त्रिपाठी द्वारा दर्ज कराई गई, जो राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ (भारत) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रभारी हैं।
ब्राह्मण समाज को दी जातिसूचक गाली
- शिकायत में कहा गया है कि अनुराग कश्यप ने हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर ब्राह्मण समाज को लेकर जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणी की थी, जो समाज की भावना को आहत करने वाली और सामाजिक समरसता को खतरे में डालने वाली है।
- पुलिस ने अनुराग कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान आदि के आधार पर समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना) और धारा 302 (जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए शब्दों का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच की जा रही है।