Chhattisgarhi actress attacked and robbed in train | छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस से ट्रेन में लूट की कोशिश: रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में बदमाशों ने मारा मुक्का; 20 यात्रियों का सामान लूटा, RPF-GRP से मदद नहीं – Chhattisgarh News

Author name

June 21, 2025


ट्रेन में सफर के दौरान लुटेरों ने ज्योत्सना ताम्रकार के चेहरे पर मुक्का मारा।

मध्यप्रदेश के रीवा से होकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तक चलने वाली रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में 20 जून की रात लुटेरो ने खूब आतंक मचाया। इस दौरान रीवा से दुर्ग आ रही छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस के साथ लूट की कोशिश की और मना करने पर उनके चेहरे पर मुक्का मारा।

.

ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि आउटर में ट्रेन के रुकते ही दर्जन भर बदमाश अंदर घुसे और गेट बंद कर 20 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। उन्होंने इस घटना की शिकायत भी की। लेकिन, RPF और GRP से कोई मदद नहीं मिली।

रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में 20 से ज्यादा लोगों के साथ लूट हुई है।

रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में 20 से ज्यादा लोगों के साथ लूट हुई है।

बचाव में बदमाश का हाथ पकड़ा तो मुक्का मारा

दरअसल, दुर्ग की रहने वाली ज्योत्सना छत्तीसगढ़ी फिल्म की एक्ट्रेस हैं। वो रायपुर में रहती हैं। बीते 17 जून को वो पारिवारिक काम से अपनी मौसी के घर रीवा गई थी, जहां से 19 जून की रात करीब 10 बजे रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में सवार हुईं। वो ट्रेन में अकेली सफर कर रहीं थीं। उन्हें ट्रेन में स्लीपर कोच में साइड लोअर बर्थ मिला था।

रात करीब दो बजे ट्रेन कटनी स्टेशन पहुंची, तभी ज्योत्सना अपनी सीट पर मोबाइल देख रहीं थीं और बैग सिरहाने पर था। इसी दौरान खिड़की से लुटेरे आए और मोबाइल व बैग लूटने की कोशिश की। जिसका उन्होंने विरोध किया और एक लड़के के हाथ को कसकर पकड़ लिया, तब उन्होंने मुक्का मार दिया।

लड़के के हमला करने के बाद उन्होंने 139 पर शिकायत भी की। मारपीट में उनकी उनकी आंख के नीचे चोंटें आई।

बिलासपुर पहुंचते ही ज्योत्सना ने वीडियो जारी कर आपबीती बताई।

बिलासपुर पहुंचते ही ज्योत्सना ने वीडियो जारी कर आपबीती बताई।

20 से ज्यादा यात्रियों के साथ वारदात

ज्योत्सना ने बताया कि कटनी स्टेशन में 20 से अधिक यात्रियों के साथ चोरी और लूटपाट की गई। रात में ज्यादातर यात्री नींद में थे। उसी समय मौका पाकर गैंग के सदस्यों ने अलग-अलग बोगी में वारदात को अंजाम दिया। एसी कोच से लेकर स्लीपर कोच में 20 से अधिक यात्रियों का सामान पार कर दिया गया।

ट्रेन में की रेकी, गेट बंद कर वारदात को दिया अंजाम

ज्योत्सना ने बताया कि लुटेरों ने ट्रेन में रेकी की, उनकी संख्या दर्जन भर रही होगी। बदमाशों ने ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही गेट को बाहर से बंद कर दिया। ताकि, यात्री हंगामा न मचा सके। पहले से उन्होंने यात्रियों के सामानों को टारगेट कर लिया था। यही वजह है कि स्टेशन पहुंचते ही उन्होंने यात्रियों का सामान पार करना शुरू कर दिया।

ट्रेन में गायब रहे RPF और GRP के जवान

ज्योत्सना ने बताया कि ट्रेन में कोई सुरक्षा का इंतजाम नहीं था। न तो RPF के जवान थे और न ही GRP, जब उन्हें पता चला कि कई यात्रियों के साथ इस तरह की वारदात हुई है, जिसके बाद 139 में कॉल कर शिकायत की।

उन्हें बताया गया कि अगले स्टेशन पर सुरक्षा बल आएगा। लेकिन, वहां भी कोई नहीं आया। बार-बार कॉल करने के बाद नरसिंहपुर स्टेशन में जवान आए और उनका बयान दर्ज किया।

VIDEO बनाकर एक्स पर शेयर की, तब पहुंचे अधिकारी

किसी तरह ज्योत्सना बिलासपुर स्टेशन पहुंची। यहां करीब एक घंटे तक वो रेलवे के जिम्मेदार अफसरों के आने का इंतजार करती रहीं। यहां भी जब कोई नहीं पहुंचा, तब उन्होंने स्टेशन पर एक वीडियो बनाकर एक्स पर शेयर कर दी। वीडियो को पीएम, रेलमंत्री से लेकर रेलवे के अधिकारियों को भी टैग किया। तब जाकर जीआरपी प्रभारी पहुंचे।

जीआरपी प्रभारी ने भी किया गुमराह

इस दौरान जीआरपी प्रभारी ने उनसे पूछताछ की, जिसके बाद कहा कि घटना कटनी जीआरपी क्षेत्र में हुई है। लिहाजा, उन्हें वहां जाकर शिकायत करनी पड़ेगी। यहां उनका शिकायत ले लिया जाएगा। लेकिन, बयान दर्ज कराने और कोर्ट की पेशी में जाने के लिए उन्हें चक्कर लगाना पड़ेगा।

यह सुनकर ज्योत्सना हैरान रह गई। उन्होंने बताया कि रेलवे के अधिकारी उन्हें दिग्भ्रमित करते रहे। अब वो इस मामले में रायपुर जीआरपी में जाकर शिकायत करेंगी।

30-35 साल से हो रही घटना फिर भी रेलवे को ध्यान नहीं

ज्योत्सना बताती है कि कटनी-शहडोल सहित आसपास के स्टेशनों में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। यह घटना उनकी दादी-नानी के समय से हो रही है। 35-40 साल बाद भी रेलवे के अफसर ट्रेन में हो रही इस तरह की लूटपाट और चोरी की घटना पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं।

वहीं, दूसरी तरफ सुरक्षित यात्रा का दावा करते हैं। उन्होंने कहा कि लूटपाट चोरी होना सामान्य है। लेकिन, लुटेरे हमला कर रहे हैं यह गंभीर बात है।

……………………..

इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें…

ट्रेन के सेकेंड-क्लास में सीट बुक कर चोरी:छत्तीसगढ़ में बिजनेसमैन की पत्नी के 65 लाख के हीरे चुराए, कोलकाता में 11 लाख में बेचा

छत्तीसगढ़ में गोंदिया से रायपुर आ रही शिवनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच से 65 लाख के सोने-हीरो के ज्वेलरी की चोरी हो गई। चोरों ने गहनों को कोलकाता के एक ज्वेलर्स के पास 11 लाख रुपए में बेच दिया। चोरी करने चोरों ने सेकेंड क्लास में अपनी सीट भी बुक कराई थी। पढ़ें पूरी खबर…



Source link