Ambikapur News: प्रॉपर्टी डीलर ने लगाया अपहरण कर फिरौती मांगने का आरोप,एक संदेही हिरासत में

Author name

June 27, 2025


Ambikapur News: युवक का कहना है कि यह मामला पूर्व के एक जमीन सौदे से जुड़ा हुआ है, जिसमें विवाद की स्थिति बनी थी। उसी विवाद को लेकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था और फिरौती की मांग की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

By Navodit Saktawat

Publish Date: Fri, 27 Jun 2025 08:39:39 PM (IST)

Updated Date: Fri, 27 Jun 2025 08:47:14 PM (IST)

Ambikapur News: प्रॉपर्टी डीलर ने लगाया अपहरण कर फिरौती मांगने का आरोप,एक संदेही हिरासत में
अपहरण का मामला सामने आया।

नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में प्रापर्टी डीलिंग का काम करने वाले एक युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उसे जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर अगवा किया गया और हथियार की नोक पर 24 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा गया।अपहरणकर्ताओं ने उससे छह करोड़ रुपये की मांग की। पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया है और एक संदेही को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। पूरा प्रकरण जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

यह है पूरा मामला

  • जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के ग्राम जगन्नाथपुर निवासी शंकर दयाल रवि वर्तमान में अंबिकापुर के नमनाकला में रहकर दुकान संचालित करने के साथ ही प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है।
  • शंकर का दावा है कि 25 जून की दोपहर उसे फोन कर जमीन दिखाने के बहाने बुलाया गया।
  • वहां से उसे लक्ष्मीपुर की ओर ले जाकर पिस्टल अड़ाकर जबरन कार में बैठाया गया और आंखों पर कपड़ा बांध दिया गया।
  • युवक का आरोप है कि उसे करीब तीन घंटे तक कार में घुमाने के बाद एक अज्ञात स्थान पर ले जाकर बंद कमरे में रखा गया।
  • फिरौती के रूप में छह करोड़ रुपये मांगे गए। युवक ने बताया कि 26 जून को मौका पाकर उसने अपने स्वजन और परिचितों से संपर्क किया और उन्हें पैसे लेकर सांडबार के पास बुलाया।
  • स्वजन ने तत्काल इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी। युवक का कहना है कि उसने बंधक बनाने वाले लोगों को झांसा दिया कि सांडबार बैरियर के पास ले जाने पर फिरौती की रकम उन्हें मिल सकती है।
  • पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की

    कथित अपहरणकर्ता गुरुवार की शाम उसे लेकर सांडबार बैरियर के पास पहुंचे थे। उसके पहले ही पुलिस सादे वेश में वहां पहुंच चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की थी। युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की मौजूदगी देखकर चार लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

    हस्ताक्षर करने के लिए दबाव भी बनाया जा रहा

    एचडी पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने बताया कि शंकर दयाल रवि के गांधी चौक के पास से गायब हो जाने की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। सांडबार मंदिर के पास उसका मोबाइल लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे बरामद किया है। एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि युवक द्वारा दिए गए बयान के आधार पर जांच की जा रही है। युवक का दावा है कि उससे फिरौती की मांग करने के साथ ही कोरे स्टांप में हस्ताक्षर करने के लिए दबाव भी बनाया जा रहा था। एक संदेही को हिरासत में लिया गया है। शेष की तलाश जारी है। जमीन विवाद से जुड़ा प्रकरण सामने आ रहा है। जमीन दिखाने के बहाने ही उसे बुलाया गया था।



    Source link