Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक पार्षद की गुंडागर्दी देखने को मिली है, जहां उसने जमीन विवाद पर अपनी दादी को पहले तो गंदी गालियां दी और फिर बाद में उनका गला भी दबा दिया। इसके बाद उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
By Mohan Kumar
Publish Date: Wed, 02 Jul 2025 03:18:05 PM (IST)
Updated Date: Wed, 02 Jul 2025 03:35:40 PM (IST)

HighLights
- पार्षद ने अपनी दादी को दी मारने की धमकी
- कुदुदंड की रहने वाली वाली है बुजुर्ग महिला
- जमीन विवाद पर चढ़ गया पार्षद का पारा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जमीन विवाद के चलते सकरी क्षेत्र के पार्षद ने अपनी 70 साल की दादी का गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी है। मारपीट से सहमी वृद्धा ने घटना के एक सप्ताह बाद घटना की शिकायत सकरी थाने में की है। वृद्धा की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
बुजुर्ग ने थाने में की अपने पोते की शिकायत
कुदुदंड में रहने वाली राजकुमारी भारते (70) ने अपने पोते अमित भारते के खिलाफ सकरी थाने में शिकायत की है। महिला ने बताया कि उनके पति की पैतृक संपत्ति सकरी के दलदलिहापारा में है। इसमें उनके बेटे, बहू और पोता-पोती रहते हैं। एक सप्ताह पहले वे अपने नाती नंदकुमार भारते के साथ दलदलिहापारा गई थी।
पार्षद ने अपनी दादी को दीं गंदी गालियां
इसी दौरान उनका पोता अमित भारते आया। उसने अपनी दादी से जमीन बिक्री के संबंध में बात करते हुए गाली-गलौज की। उसने अपनी दादी को जमीन बेचने से मना करते हुए अश्लील गालियां दी। इसका विरोध करने पर पार्षद अमित भारते ने अपनी दादी का गला दबा दिया।
बुजुर्ग महिला को मिली जान से मारने की धमकी
उसने अपनी दादी की सारी जमीनों को बेचने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत वृद्धा अपने घर चली गई। करीब सात दिन बाद उन्होंने घटना की शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
यह भी पढ़ें: RPF कांस्टेबल को ‘भलाई’ पड़ गई भारी, बदमाशों ने किया हमला, जैसे-तैसे बचाई जान