Mahatari Vandana Yojana की 17वीं किस्त जारी, 69 लाख महिलाओं के खाते में 647 करोड़ रुपये ट्रांसफर

Author name

July 2, 2025


Mahatari Vandana Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की 69 लाख से ज्यादा महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी कर दी है। इसके तहत प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को 647.66 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। शुरुआत की बाद से अब तक योजना से करीब 90 हजार महिलाओं के नाम हटाए भी गए हैं।

By Mohan Kumar

Publish Date: Wed, 02 Jul 2025 08:21:51 AM (IST)

Updated Date: Wed, 02 Jul 2025 08:22:33 AM (IST)

Mahatari Vandana Yojana की 17वीं किस्त जारी, 69 लाख महिलाओं के खाते में 647 करोड़ रुपये ट्रांसफर
महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी

HighLights

  1. महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी
  2. ट्रांसफर की गई 647.66 करोड़ रुपये से अधिक की राशि
  3. एक महीने में लिस्ट से सात हजार महिलाएं बाहर

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया रायपुर: राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी कर दी है। महिला व बाल विकास विभाग की ओर से प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को 647.66 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। जून से इस माह योजना से लगभग सात हजार महिलाएं कम हो गई हैं और उन्हें लिस्ट से बाहर कर दिया गया है। जून में 69,30,041 महिलाओं को राशि जारी की गई थी। इस माह 69,23,167 को राशि जारी की गई है।

अब तक 90 हजार महिलाओं के नाम हटे

योजना की शुरुआत से अब तक योजना से करीब 90 हजार महिलाओं के नाम हटाए गए हैं। इसमें करीब 48 हजार के नाम मृत्यु की जानकारी मिलने के बाद लिस्ट से बाहर कर दिए गए। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, परियोजना अधिकारी और हितग्राहियों के परिवारवालों की ओर से मृत्यु होने की जानकारी दी जाती है। प्रतिमाह 28 तारीख तक हुए मृत्यु की जानकारी पोर्टल के माध्यम से संकलित करने के बाद लिस्ट से हटाया जाता है।

इस वजह से भी हटाए गए हैं नाम

योजना की शुरुआत में कुछ महिलाओं ने ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन किया था। इसके अलावा कुछ के आधार कार्ड 10 साल से अधिक पुराने होने के कारण निष्क्रिय थे, जिसकी वजह से नाम हटाए गए हैं। कुछ शासकीय सेवा में होने के बाद भी योजना का लाभ ले रही थीं। शिकायत मिलने पर उनके नाम हटाकर राशि वसूली की जा रही है। संदेहास्पद हितग्राहियों को चिन्हांकित कर होल्ड फॉर इन्क्वायरी में डालकर भुगतान रोका गया है।

पिछले साल हुई थी योजना की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। 70 लाख 12 हजार 417 महिलाओं के खाते में 1000-1000 रुपये की पहली किस्त जारी हुई थी। 21 से 60 साल आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा व परित्यक्ता को प्रतिमाह एक हजार रुपये दी जाती है।

आधार कार्ड अपडेट कराने की अपील

महिला व बाल विकास विभाग ने हितग्राही महिलाओं से अपील की है कि वे आधार कार्ड अपडेट कराएं, ताकि राशि के भुगतान में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। आधार कार्ड को हर 10 सालों में अपडेट करना अनिवार्य है। कई महिलाओं का भुगतान आधार इनएक्टिव होने के कारण निरस्त किया गया है।

पंजीयन पोर्टल के दोबारा खुलने का इंतजार

प्रदेश में अभी भी लाखों महिलाएं योजना से वंचित हैं, जिन्हें पंजीयन पोर्टल का दोबारा खुलने का इंतजार है। ये महिलाएं पहली बार पंजीयन पोर्टल में आवेदन करने से चूक गई थीं। कुछ ऐसी महिलाओं को भी लाभ नहीं मिल पा रहा है, जो डेढ़ सालों में योजना के लिए पात्र हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला बाल व विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पंजीयन पोर्टल को दोबारा खोलने की घोषणा भी कर चुकी हैं।



Source link