छत्तीसगढ़ में तकनीकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से CM IT Fellowship Scheme योजना चलाई जा रही है। जिसमें चयनित होने वाले छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और डेटा साइंस में एमटेक करने का अवसर मिलेगा। सरकार की ओर से IIIT में 25 सीटों को आरक्षित किया गया है। 31 जुलाई तक आवेदन की अंतिम तिथि है।
By Roman Tiwari
Publish Date: Thu, 24 Jul 2025 04:01:40 PM (IST)
Updated Date: Thu, 24 Jul 2025 04:05:35 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के तकनीकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। CM IT Fellowship Scheme, इसके लिए 23 जुलाई तक 52 छात्रों ने आवेदन किया है। ट्रिपलआइटी में 25 सीटें इस योजना के तहत आरक्षित हैं।
बता दें कि आए आवेदनों में जो छात्र पात्रता पूरी करेंगे उन्हें मेरिट के आधार पर सीट अलॉट की जाएगी। चयनित छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और डेटा साइंस में एमटेक करने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रत्येक माह 50,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा और पूरी ट्यूशन फीस सरकार वहन करेगी।
ट्यूशन फीस हर सेमेस्टर का लगभग 50 हजार खर्च होता है। जिसे सरकार वहन करेगी। ऐसे में छात्रों को केवल हॉस्टल और उनके खान-पान का ही खर्च वहन करना होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को ट्रिपलआइटी नवा रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।
प्रदेश के युवाओं को टेक्नोलाजी में दक्ष बनाना लक्ष्य
इस योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को तकनीकी शिक्षा में उच्च स्तर पर प्रशिक्षित करना है ताकि वे ई-गवर्नेंस, हेल्थकेयर, शिक्षा, ट्रांसपोर्ट और अन्य सरकारी सेवाओं में डेटा-ड्रिवन निर्णय लेने में सहयोग कर सकें। फेलोशिप धारकों को पढ़ाई के साथ-साथ सरकारी परियोजनाओं पर भी काम करने का मौका मिलेगा।
तकनीकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
- कोर्स और सुविधाएं कोर्स का नाम: एमटेक इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस
- अवधि: दो वर्ष
- संस्थान: ट्रिपल आइटी नवा रायपुर
- स्टाइपेंड: 50,000 रुपये प्रतिमाह
- फीस: पूरी तरह सरकार वहन करेगी साथ में सरकारी प्रोजेक्ट्स पर लाइव वर्किंग एक्सपीरियंस
पात्रता और चयन प्रक्रिया
- केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी इस योजना के लिए पात्र होंगे।
- उम्मीदवारों को संबंधित शाखा (एआइ एंड डेटा साइंड) में इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए।
- चयन प्रक्रिया में मेरिट लिस्ट, स्क्रीनिंग टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हो सकते हैं।
- इस योजना के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि आवेदक का ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग क्वालिफाइड होना अनिवार्य है।
- केवल वही छात्र इस फेलोशिप के लिए पात्र होंगे जिन्होंने गेट परीक्षा पास की है। हालांकि गेट की परीक्षा कब पास की गई थी, इसकी अनिवार्यता नहीं है।
- छात्र की उम्र 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- अंतिम चयन ट्रिपल आइटी द्वारा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य व्यवस्था की ‘बिजली गुल’… CIMS के OPD में जनरेटर नहीं, टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा इलाज
आवेदन करने की अपील
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते हुए युवाओं को प्रोत्साहित किया है। साथ ही उन्होंने आवेदन करने की अपील की है।
यह पहल युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर न केवल उनके विकास में सहायक होगी, बल्कि शासन को डेटा-आधारित निर्णय लेने में भी सशक्त बनाएगी।
– प्रो. ओम प्रकाश व्यास, डायरेक्टर, ट्रिपल आइटी