एमसीबी जिले के नगर निगम चिरमिरी में पीलिया का प्रकोप
छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के नगर निगम चिरमिरी में पिछले एक महीने से पीलिया का प्रकोप जारी है। नगर निगम के पांच वार्डों में यह बीमारी फैली है। सबसे ज्यादा मरीज वार्ड नंबर 20, 21 और 22 में मिले हैं।
.
स्वास्थ्य विभाग ने 2295 मकानों में रहने वाले 7725 लोगों की स्क्रीनिंग की। इनमें 204 लोग पीलिया से पीड़ित पाए गए। 41 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 21 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 142 लोग विभिन्न अस्पतालों और घरों में इलाज करा रहे हैं। दो युवकों की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले दो-तीन महीनों से क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। वार्डों में गंदगी का अंबार लगा है। स्वास्थ्य विभाग की मितानिन घर-घर जाकर लोगों को पानी उबालकर पीने और गरम भोजन करने की सलाह दे रही हैं।

सीएमएचओ ने झाड़-फूंक से दूर रहने की अपील की
सीएमएचओ डॉक्टर अविनाश खरे ने लोगों से झाड़-फूंक से दूर रहने और डॉक्टर की सलाह पर इलाज कराने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में टैंकरों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। चिरमिरी में जल जीवन मिशन के तहत एक बड़ा प्रोजेक्ट शुरू होने वाला है, जिससे पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

एहतियातन चिरमिरी के वार्ड 23 की आंगनबाड़ी केंद्र अस्थायी रूप से बंद
चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 23 में पीलिया के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन आंगनबाड़ी केंद्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण दुबे ने जानकारी दी कि केंद्र के सामने रहने वाले दो युवकों गोपी पढ़वार (30 वर्ष) और कार्तिक (21 वर्ष) की पीलिया से मौत हो गई है।
इसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने से हिचक रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज कुछ बच्चे आए थे, जिन्हें नाश्ता कराकर घर वापस भेज दिया गया। स्थिति सामान्य होने पर केंद्र को पुनः खोला जाएगा।