![]()
सोमवार को पुलिस ने इस होटल में दबिश दी थी।
भिलाई में स्पा सेंटरों में लगातार देह व्यापार जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने महिला पुलिस टीम गठित कर सभी स्पा सेंटरों की जांच के निर्देश दिए हैं।
.
इस टीम की ओर से अचानक छापेमारी कर दस्तावेज और संचालन की पूरी प्रक्रिया की जांच की जाएगी। मंगलवार को सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत भी कुछ स्पा सेंटरों में पुलिस ने दबिश दी है। हालांकि, किसी भी स्पा सेंटर पर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है।
स्पा सेंटरों और होटलों की महिला टीम करेगी जांच
पुलिस की महिला टीम स्पा और होटलों में यह देखेगी कि संबंधित स्पा सेंटर किस नियम और शर्तों के तहत संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा लाइसेंस, अनुमति पत्र और कर्मचारियों की जानकारी भी खंगाली जाएगी। यदि संचालन में गड़बड़ी पाई जाती है तो लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं अगर कहीं अवैध गतिविधि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन पहले ही होटल में देहव्यापार का हुआ था खुलासा
बता दें कि हाल ही में सुपेला थाना क्षेत्र के एक होटल में पुलिस ने दबिश देकर देह व्यापार का मामला पकड़ा था। इस कार्रवाई में मैनेजर, मालिक और ग्राहक पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद से ही शहर के स्पा सेंटरों और होटलों पर सवाल उठने लगे थे।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन सेंटरों में मालिश के नाम पर गलत काम कराए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से उन संचालकों में हड़कंप है, जो लंबे समय से स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध काम कर रहे थे।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी का कहना है कि स्पा सेंटरों में लगातार गलत कार्य कराए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। शिकायतों की जांच की जा रही है। यदि कोई भी स्पा सेंटर नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी। महिला टीम को स्पा सेंटरों में भेजकर चेकिंग करवाई जा रही है। कुछ स्पा सेंटर संचालकों से दस्तावेज दिखाने के लिए बुलाया गया है।