रायपुर में कुत्तों ने डेढ़ साल की बच्ची को नोचा, सिर में गड़ाए दांत, नजारा देख कांप गए लोग

Author name

September 8, 2025


Dog Attack: छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार रात एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची के सिर, चेहरे और शरीर को नोच डाला। बच्ची के सिर में दांत धंस जाने से उसकी हालत गंभीर है। नजारा इतना भयावह था कि लोग कांप उठे।

Publish Date: Sun, 07 Sep 2025 09:14:52 PM (IST)

Updated Date: Sun, 07 Sep 2025 09:14:52 PM (IST)

रायपुर में कुत्तों ने डेढ़ साल की बच्ची को नोचा, सिर में गड़ाए दांत, नजारा देख कांप गए लोग
रायपुर में कुत्तों ने डेढ़ साल की बच्ची को नोचा (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया
  2. गंभीर हालत में आंबेडकर अस्पताल में भर्ती
  3. बच्ची के सिर में दांत धंस जाने से उसकी हालत गंभीर

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बिरगांव में शनिवार रात एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची के सिर, चेहरे और शरीर को नोच डाला। बच्ची के सिर में दांत धंस जाने से उसकी हालत गंभीर है। उसे डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से आंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आवारा कुत्तों ने कर दिया बच्ची पर हमला

घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। बिरगांव के वार्ड नंबर 29 गायत्री नगर में रहने वाला मजदूर परिवार घर के बाहर बैठा था। उनकी डेढ़ साल की अनाया खेलते-खेलते घर से थोड़ी दूर चली गई। तभी झुंड में घूम रहे आवारा कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने पर स्वजन और मोहल्ले वाले दौड़े। तब तक कुत्ते उसके सिर में दांत गड़ा चुके थे। लोगों ने लाठियों और पत्थरों से कुत्तों को भगाया और लहूलुहान हालत में बच्ची को उठाया।

नजारा देख कांप गए लोग

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बच्ची के सिर में कुत्तों के दांत धंस गए थे। खून से पूरा शरीर भीग गया था। नजारा इतना भयावह था कि लोग कांप उठे। बच्ची को पहले बिरगांव के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने तुरंत डीकेएस जाने की सलाह दी।

लोगों को गुस्सा फूट पड़ा

इलाके के लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा है। उनका कहना है कि लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है। रात को दर्जनों कुत्ते झुंड में घूमते हैं और राहगीरों पर हमला करते हैं। कई बार नगर निगम से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही ने ही मासूम की जिंदगी खतरे में डाल दी है।

यह भी पढ़ें- UP News: कमरे में घुसकर कुत्ते ने इंस्पेक्टर साहब को काटा, ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से उतारा मौत के घाट

पूरे बिरगांव नगर निगम की स्थिती ऐसी बनी हुई है- पार्षद

वार्ड पार्षद इकराम अहमद का कहना है कि पूरे बिरगांव नगर निगम की स्थिति ऐसी ही बनी हुई है। यह घटना फिर एक बार सवाल खड़े करती है कि शहरों में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या से कब निजात मिलेगी। हर साल राजधानी और आसपास के इलाकों में सैकड़ों लोग इन कुत्तों के शिकार बनते हैं, लेकिन स्थाई समाधान आज तक नहीं निकल पाया। इस हादसे ने लोगों में खौफ बैठा दिया है।



Source link