पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज से MBBS और PG के डॉक्टरों की बॉन्ड पोस्टिंग पिछले पांच महीनों से अटकी हुई है। विभाग ने इस बार मेरिट लिस्ट के आधार सीट अलॉट की है। दो राउंड में सीटों का आबंटन किया गया है। राउंड 1, 26 अगस्त को पूरा हो चुका है।
.
वहीं राउंड 2, 30 अगस्त को पूरा किया गया है। विभाग 1 सितंबर को ऑफिशियल ऑर्डर जारी करने वाला था। लेकिन एक सप्ताह से अधिक हो गए, विभाग की ओर कोई ऑफिशियल ऑर्डर जारी ही नहीं किया है। विभाग के अधिकारी भी पूरे मामले पर कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।
मामला ये है कि कोर्स पूरा हुए पांच महीने हो चुके हैं, छह महीने पूरे हो गए तो कई डॉक्टर बॉन्ड पोस्टिंग से बच जाएंगे। इसके दो प्रभाव होंगे, जिन दूरस्थ क्षेत्रों में अच्छी हेल्थ सर्विस दी जा सकती थी, वो नहीं मिल पाएगी। पर्याप्त डॉक्टरों की पूर्ति नहीं होने से स्वास्थ्य विभाग को भी नुकसान ही है।

बॉन्ड पोस्टिंग लेट होने से गुड सर्विस नहीं मिल रही
दरअसल, बॉन्ड पोस्टिंग के तहत बेहतर सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से इन जूनियर डॉक्टर्स को प्रदेश के अलग–अलग स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जाता है। इनमें जिला अस्पताल, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और प्राइमरी हेल्थ सेंटर शामिल हैं। पोस्टिंग लेट होने से इन संस्थानों में आने वाले मरीजों को मिल रही सर्विस में भी इम्पैक्ट पड़ रहा है।
स्पेशलाइजेशन कोर्स करने में भी लेट होगा
इसके अलावा डॉक्टरों को भी स्पेशलाइजेशन कोर्स करने में लेट होगा। विभाग छह महीने पूरे होने से कुछ दिन पहले पोस्टिंग दे देगा। इसके बाद उन्हें दो साल सर्विस देनी होगी। ये सर्विस पूरी करने के बाद ही वो आगे दूसरा कोई कोर्स कर पर पाएंगे।
यानी लेट पोस्टिंग मिलने के चलते स्पेशलाइजेशन कोर्स करने में छह महीने का टाइम अनावश्यक जुड़ जाएगा। प्रदेश को भी इसके चलते लेट से स्पेशलाइज्ड डॉक्टर मिलेंगे।