बीजापुर में सागौन तस्करों पर कार्रवाई
बीजापुर के नेशनल हाइवे 163 पर वन विभाग ने बुधवार देर रात अवैध सागौन तस्करी का भंडाफोड़ किया। तारलागुड़ा जांच नाके पर रात करीब 12 बजे वनकर्मियों ने एक इंडिका विस्टा कार को रोकने का प्रयास किया।
.
ड्राइवर ने वनकर्मियों की तरफ गाड़ी दौड़ा दी और भागने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम ने पीछा कर थोड़ी दूरी पर वाहन को रोका। तलाशी में कार से 2 नग गोला और 20 नग चिरान सागौन लकड़ी बरामद हुई। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वन विभाग के रेंजर एन. सुरेश राव ने बताया कि जुलाई में पदभार संभालने के बाद यह उनकी दूसरी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस क्षेत्र में लगातार हो रही सागौन तस्करी से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए कार्रवाई के साथ जमीनी स्तर पर सख्त निगरानी और स्थायी समाधान आवश्यक है।