अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए मां-बेटी की हत्या का प्रयास, रिश्तेदारों ने दी 5 लाख की सुपारी

Author name

October 1, 2025


बिलासपुर के मल्हार क्षेत्र में अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए रिश्तेदारों ने मां-बेटी को मारने की सुपारी दे दी। नकाबपोश आरोपियों ने मां-बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें मां को गंभीर चोट आई है। बेटी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया है।

By sarfraj memon

Publish Date: Wed, 01 Oct 2025 01:22:15 PM (IST)

Updated Date: Wed, 01 Oct 2025 01:42:48 PM (IST)

अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए मां-बेटी की हत्या का प्रयास, रिश्तेदारों ने दी 5 लाख की सुपारी
मां-बेटी की हत्या का प्रयास

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। एसईसीएल में अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए मल्हार के खईयापारा में रहने वाली महिला और उसकी बेटी की हत्या कराने के लिए सुपारी देने का मामला सामने आया है। सुपारी लेने वालों ने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उसकी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल युवती की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ साजिश करने वालों को पकड़ लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार के खईयापारा में रहने वाली सतरूपा श्रीवास गृहणी हैं। वे अपनी बेटी बृहस्पती श्रीवास के साथ रहती हैं। शुक्रवार 26 सितंबर की सुबह नींद खुलने के बाद वे मुंह हाथ धोने के लिए घर के बाहर जा रही थीं। जैसे ही वे घर के पीछे का दरवाजा खोली दो नकाबपोश लोगों ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उन्होंने शोर मचाया तो बृहस्पति भी वहां पहुंच गई। नकाबपोश ने उन पर भी लाठी से हमला किया।

मां की हालत गंभीर

मां बेटी के शोर मचाने पर आसपास के लोग उनके घर की ओर आने लगे। इसकी जानकारी होने पर हमलावर वहां से भाग निकले। पड़ोसियों के पहुंचने पर मां-बेटी ने घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ससुराल वालों ने रची हत्या की साजिश

युवती की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि महिला का पति एसईसीएल में नौकरी करता था। उसके पति की मौत हो चुकी है। इसके बाद महिला के पेंशन और उसकी बेटी को अनुकंपा नियुक्ति की प्रतिक्रिया चल रही है। उसके ससुराल वाले अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए साजिश रच रहे थे। उन्होंने गांव के दो लोगों को सुपारी देकर महिला की हत्या करने के लिए कहा।

यह भी पढ़ें- बुजुर्गों की हत्या करने में छत्तीसगढ़ देश में सबसे आगे, NCRB की रिपोर्ट में खुलासा

पांच लाख में सौदा तय होने के बाद आरोपित महिला के घर जाकर हमला कर दिए। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें हमलावर और साजिश में शामिल लोग हैं।



Source link