छत्तीसगढ़ में दीपावली पर मौसम का रुख बदलेगा, दिन में उमस और रात में ठंडक बढ़ेगी। रायपुर में हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि रात का तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश की संभावना है।
Publish Date: Mon, 20 Oct 2025 08:36:21 AM (IST)
Updated Date: Mon, 20 Oct 2025 10:17:39 AM (IST)

HighLights
- रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
- कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- रात का तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने के साथ ठंड बढ़ेगी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम ने अचानक अपना रुख बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी में दिनभर उमस भरा मौसम रहेगा, हल्के बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना भी है। वहीं, रात के समय तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ेगी, जिससे दिवाली की रात थोड़ी सर्द हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि प्रदेश में शुष्क मौसम का असर बना हुआ है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने ऊपरी हवाओं के चक्रवाती परिसंचरण के कारण सोमवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बादलों के छाए रहने की संभावना है। इससे रात के तापमान में वृद्धि और दिन में उमस का अनुभव होगा।
गिर रहा है रात का पारा
रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के समय आर्द्रता 50 प्रतिशत रही, जबकि शाम को यह 62 प्रतिशत तक पहुंच गई। हवा की गति काफी धीमी थी, जिससे दिन में उमस अधिक महसूस हुई।
राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान का आलम भी बदलता रहा। रायगढ़ में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 18.6 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 32.0 डिग्री और न्यूनतम 15.8 डिग्री, बिलासपुर में 31.2 डिग्री और 20.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 30.5 डिग्री और 16.0 डिग्री तथा जगदलपुर में 31.7 डिग्री और 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।
ऐसा रहेगा मौसम
रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। रात का तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने के साथ ठंडक बढ़ेगी। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है।