CG Weather Update: नवंबर शुरू होते ही मौसम ने बदली करवट, रायपुर सहित प्रदेश का तापमान गिरा

Author name

November 2, 2025


नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ अंचलों में छिटपुट बारिश के बाद बादल छंटने के संकेत मिले हैं।

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अब बारिश वितरण और तीव्रता दोनों में कमी आएगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। उसके बाद मौसम सामान्य रहेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से उत्तर-पूर्वी हवाएं सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ठंडक बढ़नी शुरू होगी।

दिन का तापमान 30.7 डिग्री, रात का पारा 22.9 डिग्री पर

मौसम विज्ञान अनुसार, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री अधिक रहा। इससे स्पष्ट है कि दिन का तापमान थोड़ा गिरा है, लेकिन रातें अब भी सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.5डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया।

बारिश का असर घटने लगा

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों, प्रेमनगर, शंकरगढ़, बलरामपुर, कुसमी और सरिया में हल्की बारिश दर्ज की गई है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश गतिविधि सीमित रही।

अब कमजोर पड़ने लगा मानसून सिस्टम

मौसम विज्ञानी ने बताया कि प्रदेश के ऊपर कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे आगामी दिनों में बारिश की तीव्रता और वितरण दोनों में कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, परंतु व्यापक बारिश की संभावना अब नहीं है। इससे माना जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ रही है, और आने वाले सप्ताहों में इसका असर और घटेगा।



Source link