छत्तीसगढ़ में 1 लाख 70 हजार रुपये के नकली नोट के साथ तीन गिरफ्तार, अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

Author name

November 23, 2025


सक्ती जिला पुलिस और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.7 लाख के नकली नोट भी बरामद किए हैं। आरोपियों को तेलंगाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

Publish Date: Sun, 23 Nov 2025 09:56:37 AM (IST)

Updated Date: Sun, 23 Nov 2025 09:57:00 AM (IST)

छत्तीसगढ़ में 1 लाख 70 हजार रुपये के नकली नोट के साथ तीन गिरफ्तार, अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश
नकली नोट के साथ 3 गिरफ्तार

HighLights

  1. 1.7 लाख के जाली नोट के साथ 3 गिरफ्तार
  2. सक्ती और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई
  3. फेसबुक पर खोजते थे नोट खपाने के लिए लोग

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा: पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का राजफाश किया गया है। मिली सूचना के आधार पर सक्ती पुलिस और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से पुलिस को 1 लाख 70 हजार रुपये का नकली नोट भी मिला है।

एएसपी हरीश यादव ने बताया कि तेलंगाना राज्य के जिला कामारेड्डी में नकली नोट खपाते हुए आरोपी सिद्धा गौड़ पकड़ा गया था, जिसके विरुद्ध थाना कामारेड्डी में अपराध धारा 179, 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पता चला कि कोलकाता के सौरव डे, नारायण भगत और बिहार निवासी रसीद अहमद कम्प्यूटर, कलर प्रिंटर और जेके एक्सल बांड पेपर के माध्यम से नकली नोट तैयार करते थे।

फेसबुक के जरिए तलाशते थे सहयोगी

ये आरोपी फेसबुक के जरिए मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ऐसे लोगों की तलाश करते थे, जो नकली नोट खपाने में उनकी मदद कर सकें। तेलंगाना पुलिस ने इन तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इन आरोपियों ने खपाए नकली नोट

पूछताछ में खुलासा हुआ कि छत्तीसगढ़ के जिला सक्ती के डभरा थाना क्षेत्र में नकली नोट नंदलाल जांगड़े निवासी जवाली, छतराम आदित्य निवासी देवगांव को भेजे गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती ने थाना डभरा व चौकी छपोरा को तेलंगाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने बिहार के रसीद अहमद से 40 हजार रुपये में दो लाख मूल्य के नकली नोट खरीदे थे और इन्हें खपाने के लिए मनहरण उर्फ सोहन लहरे निवासी भडोरा (चौकी छपोरा) को दे दिया था।

यह भी पढ़ें- रात के 12:30 बजे दीवार फांदकर भाजपा महिला पार्षद के घर घुसी पुलिस, बताई ये वजह

पुलिस ने मनहरण की तलाश की तो वह रायगढ़ क्षेत्र में मिला, जिसे रात में ही हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह दो लाख नकली नोट लेकर उनमें से 30 हजार रुपये अलग-अलग जगहों पर खपा चुका है, जबकि 1 लाख 70 हजार रुपये नकली नोट उसने घर में छिपाकर रखे थे। संयुक्त टीम ने उसके घर से नकली नोट बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूरे प्रकरण को तेलंगाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई हेतु औपचारिक रूप से सौंप दिया गया है।



Source link