अंबिकापुर में मेडिकल छात्र से ठगी,म्यूल अकाउंट धारक पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

Author name

January 21, 2026


उसने ऑनलाइन शापिंग के माध्यम से ‘डॉक्टर सेत’ नामक कंपनी से सामान मंगाया था। इसके बाद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल नंबर से कॉल कर स्वयं को कंपनी का प्रतिनि …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 21 Jan 2026 08:00:06 PM (IST)Updated Date: Wed, 21 Jan 2026 08:00:45 PM (IST)

अंबिकापुर में मेडिकल छात्र से ठगी,म्यूल अकाउंट धारक पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार।

HighLights

  1. आरोपित के खाते में 1.77 लाख रुपये की ठगी की राशि आई थी, मोबाइल जब्त।
  2. वर्तमान में वह यहां मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है।
  3. प्रार्थी ने 13 जनवरी 2025 को थाना गांधीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। साइबर ठगी के प्रकरण में पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट के खाताधारक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपित असीम राय के कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा 25 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह प्रकरण एक मेडिकल छात्र से ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है। प्रार्थी नितिश टोप्पो (24) सीएसईबी थाना रामपुर जिला कोरबा का रहने वाला है। वर्तमान में वह मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। प्रार्थी ने 13 जनवरी 2025 को थाना गांधीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि उसने ऑनलाइन शापिंग के माध्यम से ‘डॉक्टर सेत’ नामक कंपनी से सामान मंगाया था। इसके बाद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल नंबर से कॉल कर स्वयं को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर स्कीम के तहत लाभ दिलाने का झांसा दिया गया और अलग-अलग किश्तों में कुल एक लाख 77 हजार 903 रुपये की ठगी कर ली गई।

प्रकरण में प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। साथ ही साइबर फ्रॉड पोर्टल पर की गई शिकायत के अवलोकन में सामने आया कि ठगी की राशि एचडीएफसी बैंक के एक खाते में प्रथम लेयर में ट्रांसफर की गई थी, जहां से राशि आहरण कर अन्य खातों में भेजी गई। जांच के दौरान संबंधित खाता असीम राय (35) निवासी तीन एमएम फीडर रोड कमारहाटी थाना बेलघरिया, जिला नॉर्थ 24 परगना, पश्चिम बंगाल के नाम पर दर्ज पाया गया। पुलिस ने खाताधारक को थाना बुलाकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके स्टूडियो की देखरेख करने वाले एक व्यक्ति द्वारा उसके खाते में आनलाइन राशि जमा कराई जाती थी, जिसे वह एटीएम से निकालकर उसे दे देता था तथा कुछ राशि अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। आरोपित ने 25 हजार रुपये अपने पास रखना स्वीकार किया।

आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड एवं 25 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के साथ आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह एवं विकास सिंह की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट के खाताधारकों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link