पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि मिस्टर मिंट के संचालकों ने फर्जी क्रिप्टो करेंसी टोकन और कृत्रिम एक्सचेंज बनाए। कंपनी ने सेबी और आरबीआइ के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए और निवेशकों को भारी मुनाफे का झांसा दिया। इस घोटाले में बड़ी राशि का निवेश हुआ है।कंपनी ने अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए सेलिब्रेटिज से प्रचार भी कराया था।
Publish Date: Tue, 07 Oct 2025 09:25:07 PM (IST)
Updated Date: Tue, 07 Oct 2025 09:30:19 PM (IST)

HighLights
- कई निवेशकों से करोड़ों की ठगी का आरोप।
- ठाणे शहर के मुंब्रा थाना में दर्ज है प्रकरण।
- इस घोटाले में बड़ी राशि का निवेश हुआ है।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। देशभर के निवेशकों से मिस्टर मिंट क्रिप्टो करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और संचालक को मुंबई पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अंबिकापुर के बलविंदर सिंह छाबड़ा (बल्ली) को उसके घर से पकड़ा और ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई है।
यह प्रकरण ठाणे शहर के मुंब्रा थाना में जुलाई 2025 में दर्ज किया गया था। एफआईआर में अंबिकापुर के बलविंदर सिंह छाबड़ा सहित कई संचालकों के नाम शामिल हैं। मुंबई पुलिस ने इससे पहले रायपुर के बेबीलोन होटल से प्रमोद साहू और राहुल भदोरिया को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि मिस्टर मिंट के संचालकों ने फर्जी क्रिप्टो करेंसी टोकन और कृत्रिम एक्सचेंज बनाए। कंपनी ने सेबी और आरबीआई के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए और निवेशकों को भारी मुनाफे का झांसा दिया।
इस घोटाले में बड़ी राशि का निवेश हुआ है। कंपनी ने अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए सेलिब्रेटिज से प्रचार भी कराया था। वहीं एक फर्जी कंपनी रजिस्टर कराकर दावा किया था कि उसे सेबी और आरबीआइ से लाइसेंस प्राप्त है।
सरगुजा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस के अधिकारी यहां आए थे। उन्होंने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी ने पूरे प्रकरण की शिकायत की थी।
इसी आधार पर मुंब्रा पुलिस ने संचालकों के खिलाफ धारा 316(2), 316(5), 318(4), 351(3), 352, 3(5) बीएनएस एक्ट और महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ इन्टरेस्ट ऑफ डिपॉजिटर एक्ट 1999 के तहत अपराध पंजीकृत किया था।
सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि मुंब्रा (महाराष्ट्र) पुलिस थाना में दर्ज प्रकरण को लेकर वहां की पुलिस आई थी। प्रकरण में नामजद व्यक्ति को हिरासत में लेकर मुंबई पुलिस वापस लौट गई है।
पोस्ट से मिला लोकेशन
- क्रिप्टो घोटाले में अंबिकापुर का बलविंदर सिंह नामजद था। लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
- पिछले दिनों वह अंबिकापुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था।
- इसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसी आधार पर उसका लोकेशन ट्रेस किया गया।
- इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम सोमवार को अंबिकापुर पहुंची और सरगुजा पुलिस की मदद से उसे बौरीपारा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।
- उसे अंबिकापुर की एक अदालत में प्रस्तुत किया गया। यहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस साथ ले गई है।