रफ कॉपी में नोट्स बनाने को लेकर अंबिकापुर के सेंट जोन्स स्कूल की शिक्षिका ने 15 छात्राओं को छड़ी से बेरहमी से पीटा। इसमें से एक छात्रा के हाथ में सूजन आ गई है। जिसे लेकर बालिकाओं के परिजनों ने बाल सहायता हेल्पलाइन और जिला शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत की।
By Asim Sen Gupta
Publish Date: Sun, 03 Aug 2025 03:50:29 PM (IST)
Updated Date: Sun, 03 Aug 2025 04:00:51 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : अंबिकापुर के नवापारा स्थित सेंट जोन्स स्कूल में अध्ययनरत 11वीं कक्षा की एक दर्जन से अधिक छात्राओं की रसायन की शिक्षिका ने पिटाई कर दी। छात्राओं का आरोप है कि रसायन विषय की शिक्षिका निर्मला ने उन्हें केवल इसलिए बांस की छड़ी से पीटा, क्योंकि उन्होंने पाठ्यवस्तु को अभ्यास पुस्तिका (नोट कापी) के बजाय रफ कापी में लिखा था।
यह घटना 31 जुलाई की है, जब शिक्षिका ने छात्राओं की कॉपियां जांचते समय रफ कापी में नोट्स लिखे होने पर ग़ुस्से में आकर 15 से अधिक छात्राओं को छड़ी से पीटना शुरू कर दिया। छात्राओं के हाथ व पीठ पर डंडे से वार किए गए, जिससे एक छात्रा के हाथ में सूजन आ गई है। छात्रा ने स्वजन को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्वजन ने बाल सहायता हेल्पलाइन और जिला शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत की।
छात्राएं स्कूल जाने से डर रहीं, स्वजन की मांग- शिक्षिका पर हो कार्रवाई
छात्राओं के स्वजन का कहना है कि मारपीट से छात्राएं मानसिक रूप से भयभीत हैं और अब विद्यालय नहीं जाना चाहतीं। स्वजन ने शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की अमानवीयता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
विद्यालय प्रबंधन ने मांगी माफी
विद्यालय के प्राचार्य पीटर खेस ने इस घटना को लेकर खेद प्रकट किया है। उन्होंने कहा, जैसे ही हमें इस घटना की जानकारी मिली, हमने संबंधित शिक्षिका से बात की। बच्चों को शारीरिक दंड देना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। विद्यालय प्रशासन इस कृत्य के लिए क्षमा चाहता है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए कठोर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।