Ambikapur News: वारदात के बाद आरोपित वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने पूर्व में ही लूटी गई स्कार्पियो कटघोरा क्षेत्र से बरामद कर ली थी। मामले के अन …और पढ़ें

HighLights
- तीन आरोपित अब भी फरार हैं।
- कटघोरा के पास की है घटना।
- स्कार्पियो छोड़ भागे थे आरोपित।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। मैनपाट घुमाने के बहाने स्कार्पियो चालक सह मालिक पर हमला कर स्कार्पियो लूटने की घटना में शामिल एक आरोपित को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोविन्द पटेल (21) निवासी बसंतपुर दफाई अमलाई जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद आरोपित वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने पूर्व में ही लूटी गई स्कार्पियो कटघोरा क्षेत्र से बरामद कर ली थी। मामले के अन्य आरोपित अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अंकित निवासी भट्टी रोड केदारपुर अंबिकापुर ने 10 फरवरी 2026 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सुबह उसे परिचित दुकान संचालक के माध्यम से फोन आया कि कुछ लोगों को मैनपाट घूमने जाना है और वह पुराना बस स्टैंड पहुंच जाए।
चालक अपनी स्कार्पियो लेकर पुराना बस स्टैंड पहुंचा, जहां से चार युवकों को बैठाकर मैनपाट ले गया। दिनभर विभिन्न स्थानों पर घूमने के बाद शाम को लौटते समय आगे बैठे एक युवक ने उल्टी आने की बात कहकर वाहन रुकवाया।जैसे ही चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोकी।
पीछे बैठे एक युवक ने बेल्ट से उसका गला दबाकर पीछे खींच लिया। चालक किसी तरह खुद को छुड़ाकर वाहन से कूदकर भागा और सड़क किनारे गड्ढे में छिप गया। आरोपितों ने उसका पीछा किया, लेकिन असफल रहने पर उसका मोबाइल फोन सड़क किनारे फेंक दिया और स्कार्पियो लेकर फरार हो गए।
प्रकरण में थाना दरिमा में में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की, जिससे आरोपित वाहन छोड़कर भाग निकले। बाद में स्कार्पियो को कटघोरा से लावारिस हालत में बरामद किया गया।
जांच के दौरान साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपित गोविन्द पटेल को हिरासत में लेकर प्रार्थी से पहचान कराई गई, जिसमें उसकी पहचान हो गई। पूछताछ में आरोपित ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना दरिमा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार फरार अन्य आरोपितों की तलाश लगातार की जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। फरार आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस की अलग-अलग टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।