दूसरी कक्षा की छात्रा को 100 बार उठक-बैठक कराने वाली टीचर बर्खास्त, शिक्षकों के इंचार्ज पर भी एक्शन

Author name

September 6, 2025


Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की दूसरी कक्षा की छात्रा की पिटाई और 100 बार उठक-बैठक कराने वाली शिक्षिका को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलावा उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना नहीं देने के आरोप पर विद्यालय के प्रभारी शिक्षक राजीव कुमार सिंह के खिलाफ भी एक्शन लिया गया है।

Publish Date: Sat, 06 Sep 2025 09:37:14 PM (IST)

Updated Date: Sat, 06 Sep 2025 09:37:14 PM (IST)

दूसरी कक्षा की छात्रा को 100 बार उठक-बैठक कराने वाली टीचर बर्खास्त, शिक्षकों के इंचार्ज पर भी एक्शन
100 बार उठक-बैठक कराने वाली शिक्षिका बर्खास्त

HighLights

  1. 100 बार उठक-बैठक कराने वाली शिक्षिका बर्खास्त
  2. शिक्षकों के इंचार्ज पर भी लिया गया एक्शन
  3. डीएवी प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है मामला

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के प्रतापगढ़ (सीतापुर ) स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की दूसरी की छात्रा से पिटाई के आरोपों से घिरी मातृ शिक्षिका नम्रता गुप्ता को बर्खास्त कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना नहीं देने के आरोप पर विद्यालय के प्रभारी शिक्षक राजीव कुमार सिंह को आगामी आदेश तक के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई डीएवी संस्थान (छत्तीसगढ़ क्षेत्र) के क्षेत्रीय अधिकारी ने दी है।

घटना की जांच के आदेश

घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। 10 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। क्षेत्रीय अधिकारी ने सरगुजा कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी , थाना प्रभारी के साथ डीएवी के अधिकारियों को पत्र भेजकर उक्त कार्रवाई की जानकारी भी दे दी है। डीएवी प्रबंधन ने छात्रा को शारीरिक दंड देने की घटना को गंभीरता से लिया है।

छात्रा और स्वजन के आरोपों को देखते हुए शारीरिक दंड देने के आरोप पर शिक्षिका को बर्खास्त किया गया है। प्रभारी शिक्षक को इस आरोप पर अनिश्चतकाल के लिए अवकाश में भेज दिया गया है कि उन्होंने शारीरिक दंड देने वाली मातृ शिक्षिका के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की और न ही क्षेत्रीय कार्यालय को घटना की सूचना दी थी।

छात्रा के स्वजन का आरोप था कि घटना की शिकायत जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से की तो उन्होंने यातना देने से साफ इनकार कर दिया। कुछ बच्चों को खड़ा कर दिया गया कि ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई है। शिक्षक-शिक्षिका भी स्वजन के आरोप को झुठलाने में लग गए थे।

यह था प्रकरण

सीतापुर के ग्राम गुतुरमा की बालिका डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल प्रतापगढ़ में पढ़ती है। छात्रा के स्वजन का आरोप है कि घटना दिवस को छात्रा टॉयलेट जा रही थी। उसी दौरान शिक्षिका ने उसे रोक लिया। पहले छड़ी से दो बार पैर में मारा और 100 बार उठक-बैठक कराया।

अब छात्रा के पैर में असहनीय पीड़ा शुरू हो गई है। दर्द के कारण वह अच्छे से खड़ी नहीं हो पा रही है। उसकी मांसपेशियों में तकलीफ आ गई है। स्वजन ने उसकी परेशानी देखकर अंबिकापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस से भी घटना की शिकायत की है।



Source link