Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पत्नी के संदिग्ध संबंधों से परेशान होकर एक अधेड़ व्यक्ति ने जहर पी लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी पहली पत्नी का निधन करीब बीस साल पूर्व हो गया था।
Publish Date: Sat, 01 Nov 2025 08:29:17 PM (IST)
Updated Date: Sat, 01 Nov 2025 08:29:17 PM (IST)

HighLights
- अधेड़ ने पत्नी से परेशान होकर जहर पी लिया
- अधेड़ व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई
- व्यक्ति ने सामाजिक रीति-रिवाज से दूसरी शादी की थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। पत्नी के संदिग्ध संबंधों से परेशान होकर एक अधेड़ ने जहर पी लिया। स्वजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक कृष्णा दास (55) गांव में रहकर खेती-किसानी करता था। उसकी पहली पत्नी का निधन करीब बीस साल पूर्व हो गया था।
इसके बाद उसने सामाजिक रीति-रिवाज से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से उसकी एक बेटी है, जबकि पहली पत्नी से एक पुत्र है, जो पिता के साथ ही रहता था। करीब डेढ़ साल से पति-पत्नी के बीच मतभेद चल रहे थे। बताया गया कि महिला का किसी अन्य व्यक्ति से मेलजोल बढ़ गया था। इस बात की जानकारी जब परिवार और ग्रामीणों को हुई तो एक माह पहले दोनों को बुलाकर महिला को समझाइश दी गई थी। बावजूद इसके स्थिति नहीं सुधरी और दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहे।
घटना के दिन 30 अक्टूबर की रात फिर से दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर पत्नी घर से चली गई और वापस नहीं लौटी। अगले दिन सुबह से ही कृष्णा दास उसकी खोज में निकला, लेकिन कोई पता नहीं चला। देर रात जब वह घर लौटा तो बेहद निराश था। रात करीब 11 बजे वह शराब के नशे में घर लौटा और बेटे से बोला,अब जीने का मन नहीं है, मैंने जहर पी लिया है। इतना कहने के बाद वह घर के आंगन में गिर पड़ा।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घबराए स्वजन ने उसे तत्काल मिशन अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और स्वजन को सौंप दिया गया। मृतक के पुत्र ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पिछले कई महीनों से पत्नी के व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान थे और इसी तनाव में उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।गांव के लोगों ने बताया कि कृष्णा दास मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। पारिवारिक कलह के कारण वह कुछ दिनों से उदास और चिंतित रहता था।