अंबिकापुर में एक शराबी पिता ने अपने 2 साल के बच्चे की पटककर हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को मारने से पहले मायके में अपनी पत्नी को फोन करके कहा कि मै बाबू को मार रहा हूं। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Publish Date: Thu, 18 Sep 2025 08:36:19 AM (IST)
Updated Date: Thu, 18 Sep 2025 08:37:59 AM (IST)

HighLights
- शराब के नशे में 2 साल के बच्चे को मार डाला
- मारपीट से प्रताड़ित होकर पत्नी मायके में रहती थी
- शराब के नशे में बच्चे को पटक-पटक कर पीटा
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: अंबिकापुर शहर के नजदीक ग्राम करजी में एक निर्दयी पिता ने दो साल के अबोध बेटे की जमीन पर पटक कर जान ले ली। उसकी शराब की लत और प्रताड़ना से तंग आकर लगभग एक वर्ष से पत्नी अपने मायके में रह रही है।
कुछ दिन पहले ही आरोपी अपने बेटे को यह कहकर लाया था कि उसके बिना नहीं जी सकता। घटना से पहले उसने पत्नी को फोन कर बोला भी था कि मैं बाबू को मार दे रहा हूं। इस घटना से स्वजन सदमे में हैं। पुलिस ने आरोपित को हत्या के आरोप पर गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम करजी निवासी जुगलाल सिंह का मैनपाट के ग्राम कमलेश्वरपुर निवासी विनिता सिंह से प्रेम प्रसंग था। लगभग तीन वर्ष पहले जुगलाल ने विनीता से विवाह किया था। दोनों का दो वर्ष का एक बेटा हर्षित था। जुगलाल की शराब सेवन की आदतों से पत्नी परेशान थी। अक्सर वह शराब सेवन कर पत्नी के साथ मारपीट करता था।
पति की प्रताड़ना से उसकी पत्नी तंग आ चुकी थी। लगभग एक वर्ष पहले पत्नी विनीता मासूम बेटे को लेकर अपने मायके चली गई थी। मायके वालों के साथ ही वह रह रही थी। वह पति की हरकतों के कारण उसके साथ आकर रहना नहीं चाहती थी। कुछ दिन पहले आरोपी जुगलाल, अपने ससुराल पहुंच गया। पत्नी ने फिर साथ आने से मना कर दिया। उसने पत्नी से बोला कि वह बेटे के बिना नहीं रह सकता। भावनात्मक रूप से पत्नी को निश्चिंत कर वह बेटे को लेकर करजी आ गया था।
उसने मां से भी लड़ाई झगड़ा कर घर से भगा दिया था। घर में जुगलाल के पिता राम सुन्दर, जुगलाल और उसका बेटा थे। घटना दिवस 16 सितंबर की सुबह बच्चे को पड़ोस में ही रहने वाली महिला रिश्तेदार अपने घर ले गई थी। बच्चा वहां कुछ खा रहा था। उसी दौरान जुगलाल चिल्लाते हुए वहां पहुंच गया। निर्दयतापूर्वक बच्चे का हाथ पकडकर घसीटते हुए ले गया।अपने घर के दरवाजा के पास ले जाकर उसे पटक दिया और पैर से मार कर गंभीर चोट पहुंचाया।
मारपीट से बच्चे के बेहोश हो जाने पर क्रूर पिता उसे उठाकर अपने घर के परछी में ले जाकर चटाई में सुला दिया। आसपास रहने वाले रिश्तेदार तत्काल उसे उठाकर करजी स्थित अस्पताल ले गए। यहां बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। घटनास्थल का निरीक्षण कर मासूम बेटे की हत्या के आरोप पर पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।
प्रताड़ना से तंग आकर चली गई थी मायके
घटना की जानकारी मिलते ही मासूम हर्षित की मां, नाना सहित परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए थे। घटना से वे सदमे में हैं। मां विनीता यह समझ नहीं पा रही है कि एक पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। पत्नी विनीता सिंह का कहना है कि, उसका पति नशे में धुत होकर मारपीट करता था।
यह भी पढ़ें- CG News: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बाप-बेटे को 20 साल की जेल
प्रताड़ित होकर बेटे के साथ मायके चली गई थी। लेकिन कुछ दिन पहले वो बेटे को लेकर आ गया था। घटना से पहले फोन कर उसने कहा था कि बाबू को मार दे रहा हूं। वह नशे में था। शराब का आदी होने के कारण वह लगातार प्रताड़ित करता था।