राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना व परंपरागत वैद्यों की सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम में जनजातीय प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला लगाया जाएगा। इस दौरान जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा।
Publish Date: Thu, 20 Nov 2025 10:03:32 AM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Nov 2025 10:08:16 AM (IST)

HighLights
- आयोजन स्थल को जनजातीय संस्कृति से सजाया गया है।
- कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे।
- सीएम विष्णु देव साय सहित कई मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य में अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम का आयोजन पीजी कालेज मैदान में किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय जुएल ओराम, राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय दुर्गा दास उइके, राज्यमंत्री आवास एवं शहरी मंत्रालय तोखन साहू मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना व परंपरागत वैद्यों की सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम में जनजातीय प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला लगाया गया है। इस दौरान जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन स्थल को जनजातीय संस्कृति से सजाया गया है।
भारी वाहन प्रतिबंधित, आमजनों के लिए वैकल्पिक रुट
राष्ट्रपति के पीजी कालेज मैदान अंबिकापुर आगमन के अवसर पर आम जनता को यातायात के सम्बन्ध में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसे दृष्टिगत रखते हुए अंबिकापुर शहर व अंबिकापुर से होकर आने-जाने वाले वाहनों के लिए यातायात व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके इस हेतु सरगुजा पुलिस के द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक के लिए जारी किया गया है। जिसमें राष्ट्रपति के आगमन पर सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक आकाशवाणी चौक से पॉलिटेक्निक कॉलेज गेट नंबर एक (रिंग रोड) तक व घड़ी चौक से किसान राइस मिल मोड़ मेन रोड तक आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसी प्रकार मनेन्द्रगढ़ रोड व बनारस रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन हेतु डायवर्ट मार्ग साई मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड होते हुए गंगापुर मोड़ मासूम अस्पताल के पास रिंग रोड, बस स्टैंड है। बलरामपुर रोड व प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड होते हुए प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारतमाता चौक, बस स्टैंड की ओर से होते हुए अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।
रायगढ़ रोड व बिलासपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड होते हुए भारतमाता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, मासूम अस्पताल के पास गंगापुर मोड़, माखन विहार तिराहा, एमजी रोड की ओर से अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे। भारी वाहनों हेतु अंबिकापुर शहर में सुबह पांच बजे से दोपहर तीन बजे तक नो एंट्री रहेगी।