CG News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत गुमगरा में प्राइमरी स्कूल का एक शिक्षक बसंत पंचमी के दिन नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच …और पढ़ें

HighLights
- सरस्वती पूजा के दिन नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा शिक्षक
- ग्रामीणों ने ग्राम सभा में शिक्षक को हटाने का प्रस्ताव पारित किया
- बीईओ ने शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की है
नईदुनिया न्यूज, अंबिकापुर। जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत गुमगरा में प्राइमरी स्कूल का एक शिक्षक बसंत पंचमी के दिन नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। शिक्षक का वीडियो ग्रामीणों ने बनाया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। शिक्षक की हरकतों से परेशान ग्रामीणों ने ग्राम सभा बुलाई और शराबी शिक्षक को हटाने का प्रस्ताव पारित किया है। मामले में संज्ञान लेते हुए लखनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव डीईओ सरगुजा को भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक गुमगरा के प्राइमरी स्कूल जूनापारा में पदस्थ एक शिक्षक शराबी प्रवृत्ति का है। बसंत पंचमी के अवसर पर स्कूल में सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया था। सरस्वती पूजा में शामिल होने पहुंचे अभिभावकों ने शिक्षक को नशे की हालत में देखकर उसका वीडियो बना लिया और इसे इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया।
पंचायत ने पारित किया हटाने का प्रस्ताव
पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि गुड्डू सिंह सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक आदतन शराबी है और आए दिन स्कूल में शराब पीकर पहुंचते हैं। कई बार ग्रामीणों को समझाइश के बाद भी उनकी आदतों में सुधार नहीं हुआ है। शिक्षक के शराब पीकर स्कूल आने की सूचना पर सरपंच रूपमनियां मरावी, पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्कूल पहुंची और तत्काल ग्राम सभा बुलाकर शिक्षक को स्कूल से हटाए जाने प्रस्ताव पारित किया गया।
इधर लखनपुर बीईओ डीके गुप्ता ने बताया कि शिक्षक का वीडियो मिला है। संकुल प्रभारी से मामले की जांच कराई गई। संकुल प्रभारी ने शिक्षक के शराब पीकर स्कूल आने की रिपोर्ट दी है। शिक्षक को निलंबत करने की अनुशंसा के साथ प्रतिवेदन सरगुजा डीईओ को भेज दिया गया है।