अंबिकापुर में जमीन दिखाकर 78.97 लाख की ठगी करने वाले आरोपित निकुंज गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह फर्जी एग्रीमेंट और झूठी जानकारी देकर रकम लेता था। पीड़िता से दो अलग-अलग सौदों के नाम पर पैसे वसूलने के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ा।
Publish Date: Fri, 12 Dec 2025 11:28:00 AM (IST)
Updated Date: Fri, 12 Dec 2025 11:36:35 AM (IST)

HighLights
- निकुंज गुप्ता जमीन सौदे में फर्जीवाड़ा करता था।
- पुलिस ने मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा।
- आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड भेजा गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। दूसरों की जमीन दिखाकर 78.97 लाख रुपये की ठगी के आरोपित निकुंज गुप्ता को गांधीनगर थाना और साइबर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित फरार था। फर्जी एग्रीमेंट बनाकर ठगी करता था।
थाना गांधीनगर में सत्तीपारा निवासी एक महिला ने वर्ष 2020 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति के एसईसीएल भटगांव से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अंबिकापुर के आसपास फार्म हाउस और मकान बनाने के लिए जमीन तलाशना शुरू किया।
इसी दौरान उनका परिचय दत्ता कॉलोनी निवासी निकुंज गुप्ता से हुआ। आरोपित ने रायल पार्क कालोनी के पीछे करीब पौने दस डिसमिल भूमि दिखाते हुए उसे अनिल अग्रवाल की जमीन बताया। साथ ही झांसा दिया कि भूमि स्वामी की बहन कैंसर से पीड़ित है और इलाज के लिए वह जमीन बेचना चाहता है।
निकुंज ने एग्रीमेंट अपने नाम से कराने की बात कहकर भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही रजिस्ट्री करवा देगा। पीड़िता ने आरोपित पर विश्वास कर अलग-अलग तिथियों में 17,05,000 रुपये दिए। लेकिन हर बार आरोपित रजिस्ट्री की तारीख को टालता रहा।
दूसरी जमीन दिखाकर फिर शुरू की ठगी
- इसके बाद आरोपित ने पीड़िता को यह कहते हुए फिर बहकाया कि टाइम आउट सिनेमा के सामने करीब दो एकड़ 37 डिसमिल जमीन दो राजवाड़े भाई बेच रहे हैं। इस जमीन का सौदा कराने के नाम पर भी आरोपित ने अलग-अलग दिनों में उससे बड़ी रकम वसूल ली।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
- घटना के बाद से आरोपित लगातार फरार था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना गांधीनगर और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनि मंदिर के आगे, शिल्पी एजेंसी के पीछे स्थित एक मकान में घेराबंदी कर आरोपित को दबोच लिया।
- पूछताछ में निकुंज गुप्ता (44) निवासी दत्ता कॉलोनी अंबिकापुर ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।