रामानुजगंज जिले के ग्राम भाला निवासी विशाल कुशवाहा (19) पुत्र राम विचार कुशवाहा तीन दिन से लापता था। वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था। दो दिनों से उसकी बुलेट रामानुजगंज के पलटन घाट पर लावारिस हालत में खड़ी थी।
By Anang Pal Dixit
Publish Date: Mon, 07 Jul 2025 10:52:11 PM (IST)
Updated Date: Mon, 07 Jul 2025 10:52:11 PM (IST)

नईदुनिया न्यूज, रामानुजगंज। रामचंद्रपुर क्षेत्र के ग्राम भाला से लापता विशाल कुशवाहा पिता राम विचार कुशवाहा 19 वर्ष का शव ग्राम चिनिया के कन्हर नदी में बरामद किया गया। शुक्रवार को वह चाचा के साथ हुए विवाद के बाद बुलेट लेकर निकला था। इसके बाद उसकी बुलेट नगर के पर्यटन स्थल पलटन घाट से बरामद हुई थी।
युवक का चाचा से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार विशाल कुशवाहा की शुक्रवार को अपने चाचा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने मोबाइल को पटक कर तोड़ दिया और बुलेट लेकर घर से निकल गया। स्वजन की उसकी तलाश में निकले, इसी दौरान उसकी बुलेट पर्यटन स्थल पलटन घाट में लावारिस स्थिति में मिली थी। इस बीच चिनिया स्थित कन्हर नदी में विशाल का शव मिला।
युवक का शव कन्हर नदी में मिला
आशंका जताई जा रही है कि कन्हर नदी में बाढ़ के दौरान उसने पलटन घाट में छलांग लगा दी। इसके बाद बाढ़ के पानी में बहकर उसका शव चिनिया स्थित कन्हर नदी में मिला। रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय कुमार साहू ने बताया कि शव की शिनाख्त विशाल के रूप में की गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।