छत्तीसगढ़ के उत्तरी जिलों में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को सरगुजा संभाग के कई जिलों में पूरे दिन बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में आने वाले 5 दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है।
By Roman Tiwari
Publish Date: Sun, 03 Aug 2025 11:24:18 AM (IST)
Updated Date: Sun, 03 Aug 2025 11:35:30 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों के अंतराल के बाद झमाझम बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती संचरण के प्रभावी होने का असर सरगुजा संभाग पर पड़ा है। इसी के चलते सरगुजा जिले में शनिवार तड़के बारिश शुरू हुई जो शाम को थमी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही रहने की संभावना है।
चौबीस घंटे के दौरान अंबिकापुर में लगभग पचास मिमी बारिश दर्ज की गई है। सावन माह के अंतिम दिनों में बारिश की झड़ी से खेती किसानी का कार्य भी प्रभावित हो गया। वहीं बारिश के कारण बाजार वीरान रहे। नदी-नालों का जल स्तर एक बार फिर से बढ़ गया है।
बता दें कि इस बार सरगुजा संभाग में मानसून मेहरबान रहा है। जून माह से बारिश का क्रम जारी है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से बारिश से राहत मिली थी और मौसम विज्ञानियों ने मानसून ब्रेक होने की स्थिति बनने की संभावना भी जताई थी।
मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार सरगुजा संभाग से लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश इलाके में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। हालांकि इसका प्रभाव पूर्व में कमजोर आंका गया था लेकिन बाद में यह प्रभावी होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर दिया। अगले चौबीस घंटे तक इसका असर होने की संभावना है। इसके बाद बारिश से कुछ दिनों तक राहत मिल सकती है।
कोरिया जिले में भी झमाझम बारिश
कोरिया जिले में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ में एक बार फिर तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ने की संभावना है। कोरिया जिले में शनिवार की अलसुबह से ही तेज वर्षा हो रही है।
इस कारण हो रही है बारिश
बताया जा रहा है कि मानसून द्रोणिका इस समय श्रीगंगानगर से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी तक फैला है। इसी कारण प्रदेश में नमीयुक्त हवाएं आ रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: CGMSC Reagent Scam: ED के रडार पर 3 IAS अधिकारी, इनके खिलाफ हो सकती है कार्रवाई
अगले 48 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम
अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा, और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।