अंबिकापुर मे ऑनलाइन सट्टे का ‘सिम’ सप्लायर गिरफ्तार, आईफोन 16 प्रो के लालच में गिरोह के लिए खुलवाता था खाते

Author name

March 2, 2026


सरगुजा पुलिस की कार्रवाई के बीच ऑनलाइन सट्टा गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार किया गया है। आरोपित ऑनलाइन सट्टे की रकम के लेन-देन में सहयोग करता था। …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 09:33:06 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 09:33:06 PM (IST)

अंबिकापुर मे ऑनलाइन सट्टे का 'सिम' सप्लायर गिरफ्तार, आईफोन 16 प्रो के लालच में गिरोह के लिए खुलवाता था खाते
ऑनलाइन सट्टे का ‘सिम’ सप्लायर गिरफ्तार

HighLights

  1. ऑनलाइन सट्टा गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
  2. अपने नाम का सिम देकर बैंक खाते खुलवाए
  3. आईफोन 16 प्रो सहित मोबाइल जब्त, न्यायिक अभिरक्षा

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस की कार्रवाई के बीच ऑनलाइन सट्टा गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार किया गया है। आरोपित अपने नाम से सिम कार्ड जारी कराकर बैंक खाते खुलवाने और ऑनलाइन सट्टे की रकम के लेन-देन में सहयोग करता था। पुलिस ने उसके पास से आईफोन 16 प्रो और रेडमी कंपनी का मोबाइल जब्त किया है।

पुलिस ने क्या कहा

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पूर्व में पकड़े गए गिरोह के मास्टरमाइंड आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा से जुड़े मामले में की गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस पहले ही एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, रजिस्टर और करीब 20 लाख रुपये का सामान जब्त कर चुकी है। मामले में कई आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

विवेचना के दौरान फरार चल रहे आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को पुणे (महाराष्ट्र) से हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाया गया था। उसके पास से सट्टे की रकम से खरीदी गई फॉर्च्यूनर वाहन, 6 लाख 45 हजार 430 रुपये नकद, आभूषण और बैंक दस्तावेज जब्त किए गए थे।

जांच में क्या पता चला

जांच में सामने आया कि गिरोह द्वारा विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाने के लिए मुजाहिद अली खान के नाम से जारी सिम का उपयोग किया जा रहा था। इसी नंबर से फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से ऑनलाइन लेन-देन किया जाता था।

पुलिस ने नावागढ़ निवासी मुजाहिद अली खान से पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने नाम से सिम कार्ड निकालकर आयुष उर्फ दीप सिन्हा को दिया था, जिसका उपयोग बैंक खाते खुलवाने और सट्टे के लेन-देन के लिए किया गया। इसके बदले उसे रुपये मिले, जिससे उसने महंगा मोबाइल फोन खरीदा। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस का क्या कहना

कार्रवाई में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- रायपुर में होली की मस्ती पर भारी केमिकलयुक्त रंग, 26 साल से नहीं हुई रंगों जांच; दांव पर लोगों की सेहत



Source link