गुरुवार की रात भी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। रात में खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे। इनके दोनों बच्चे बगल के कमरे में सो रहे थे। भोर में लगभग चार बजे चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग जागे तो देखा कि अनुरंजन जल चुका था। थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई।
By Navodit Saktawat
Publish Date: Sat, 28 Jun 2025 05:39:48 PM (IST)
Updated Date: Sat, 28 Jun 2025 05:42:59 PM (IST)

HighLights
- अभी पत्नी की हालत नाजुक है।
- आरोपी पति की मौत हो चुकी है।
- शंकरगढ़ के मानपुर की घटना।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर में पति ने पत्नी पर टांगी से प्राणघातक वार कर दिया। पत्नी को मरा समझ कर पति ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा ली। जलने से पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पारिवारिक कारणों को इस घटना का जिम्मेदार माना जा रहा है।
यह है पूरा मामला
शंकरगढ़ के मानपुर में अनुरंजन एक्का (34),पत्नी पत्नी सुमित्रा एक्का (30) और परिवार के सदस्यों के साथ निवास करता था। वह खेती किसानी करता था। उनके दो बच्चे भी हैं। दोनों के बीच पारिवारिक कारणों से अक्सर विवाद होता था। गुरुवार की रात भी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। रात में खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे। इनके दोनों बच्चे बगल के कमरे में सो रहे थे। भोर में लगभग चार बजे चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग जागे तो देखा कि अनुरंजन जल चुका था। थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी रक्तरंजित अवस्था में बेहोश पड़ी हुई थी। तत्काल उसे शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में शिफ्ट किया गया है।
अचानक पत्नी पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया था
पुलिस जांच में पता चला कि रात में विवाद के बाद पति-पत्नी सो गए थे। भोर में पति उठकर अचानक पत्नी पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर सुमित्रा गिर गई, तो उसे मृत समझकर वह भाग निकला था। कुछ समय बाद वापस आकर घर में रखे पेट्रोल को अपने ऊपर उड़ेलकर उसने आग लगा ली थी। घरवालों की माने तो अनुरंजन और सुमित्रा के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों के दो बच्चे हैं, जो घटना के समय दूसरे कमरे में सो रहे थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। चरित्र संदेह की बात भी सामने आ रही है। शंकरगढ़ पुलिस घटना की जांच कर रही है।