पूर्व डिप्टी कलेक्टर के घर ‘चंगाई सभा’ पर हंगामा, हिंदुवादी संगठनों का मतांतरण का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR

Author name

January 25, 2026


CG News: अंबिकापुर के नमनाकला में सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर के निवास पर आयोजित सभा को लेकर विवाद बढ़ गया। हिंदुवादी संगठनों ने चंगाई सभा की आड़ में मता …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 25 Jan 2026 09:54:50 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Jan 2026 09:54:50 PM (IST)

पूर्व डिप्टी कलेक्टर के घर 'चंगाई सभा' पर हंगामा, हिंदुवादी संगठनों का मतांतरण का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
पूर्व डिप्टी कलेक्टर के घर ‘चंगाई सभा’ पर हंगामा

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। अंबिकापुर के नमनाकला में सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर के निवास पर आयोजित सभा को लेकर विवाद बढ़ गया। हिंदुवादी संगठनों ने चंगाई सभा की आड़ में मतांतरण का आरोप लगाकर आपत्ति दर्ज कराई। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को भी आराधना के नाम पर आयोजन स्थल पर जाने से रोक दिया गया। उनसे उस शिकायत की प्रति मांगी गई जिसके आधार पर वे मौके पर पहुंचे थे।

सभा में उपस्थित लोगों के संबन्ध में जानकारी मांगे जाने पर एक रजिस्टर उपलब्ध कराई गई जिसमें सभा में शामिल लोगों का नाम दर्ज था। हिंदुवादी संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने एफआइआर पंजीकृत किया है। आरोप है कि सभा में मतांतरण के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था। सभा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

रविवार को अंबिकापुर के नमनाकला निवासी सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो के घर सभा का आयोजन किए जाने की सूचना पर हिंदुवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे। ओमेगा टोप्पो के घर के आगे सड़क पर बड़ी संख्या में गाड़ियां खड़ी थीं। पिछले कई रविवार से यहां आयोजन चलता था। बड़ी संख्या में बाहरी लोग भी इस आयोजन में शामिल होते थे। वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देने के कारण आवागमन भी प्रभावित होता था।

इस बार मोहल्ले के लोगों ने हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोगों को जानकारी दे दी थी। जब हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे तो सभा में कथित रूप से करीब 60 से अधिक लोग जुटे थे। इसमें कुछ हिंदू धर्म मानने वाले भी थे। सूचना पर गांधीनगर पुलिस टीम भी नायब तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंची। हिंदुवादी संगठनों के लोगों ने आरोप लगाया कि सभा के नाम पर हिंदु धर्म के भोले-भाले लोगों को एकत्र कर उनका मतांतरण कराया जा रहा है।

हिंदुवादी संगठनों ने आरोप लगाया कि किसी घर में इस तरह के धार्मिक अनुष्ठान बिना पूर्व अनुमति के नहीं की जा सकती। इस आयोजन के लिए भी किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। आरोप है कि ओमेगा टोप्पो के घर लंबे समय से हर रविवार इस तरह की सभा आयोजित की जाती है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने बताया कि प्राथमिकी की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

रजिस्टर में हस्ताक्षर के बाद प्रवेश

सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर के घर शिकायत पर पुलिस पहुंची तो उन्हें भी अंदर जाने से रोक दिया गया। आयोजकों ने कहा कि अंदर आराधना हो रही है। आराधना के बाद ही पुलिस अंदर जा सकती है। पुलिस ने सभा में शामिल लोगों की जानकारी मांगी तो एक रजिस्टर दिखाया गया, जिसमें आयोजन में शामिल होने वाले लोगों का नाम दर्ज था। बताया गया कि आयोजन में शामिल होने वालों को हस्ताक्षर के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जाती है।

यह भी पढ़ें- चरित्र शंका में पत्नी को उतारा मौत के घाट, टांगी से वार कर ली थी जान, कोर्ट ने पति को सुनाई उम्रकैद की सजा

रजिस्टर में विभिन्न दिनों में आयोजित सभा एवं उसमें शामिल होने वाले लोगों की भी जानकारी दर्ज है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।मामले में गांधीनगर पुलिस ने ओमेगा टोप्पो सहित कुछ पास्टरों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। हिंदुवादी संगठनों के लिखित आवेदन पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वातंत्रय अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।



Source link