बिलासपुर में एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर लिया है। युवक पेशे से इंजीनियर था, जो दिल्ली में काम करता था। वहां उसकी दोस्ती एक युवती से हुई थी। युवती ने मृतक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया था। इस आरोप में युवक जेल में बंद था, छूटने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
Publish Date: Sun, 28 Sep 2025 01:07:47 PM (IST)
Updated Date: Sun, 28 Sep 2025 01:12:23 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: प्यार में धोखा मिलने पर शहर के इंजीनियर ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने अपने मोबाइल पर एक सुसाइड नोट लिखा था। इसमें एक लड़की का नाम भी है। लड़की ने उसके खिलाफ दिल्ली में दुष्कर्म की शिकायत की थी। इसके कारण युवक को जेल में भी रहना पड़ा। जेल से छूटने के 15 दिन बाद ही युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
अग्रसेन के चौक के पास स्थित साकेत अपार्टमेंट में रहने वाले अशोक सवन्नी रिटायर्ड फूड इंस्पेक्टर हैं। उनका बेटा गौरव सवन्नी (30) दिल्ली में रहकर निजी संस्थान में काम करता था। बताया जाता है कि दिल्ली में रहने के दौरान उसकी दोस्ती एक युवती से हो गई थी। बाद में युवती ने गौरव के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की।
15 दिन पहले जेल से छूटा था
इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। करीब 15 दिन पहले गौरव जमानत पर छूटा था। इसके बाद वह बिलासपुर में ही रह रहा था। इस दौरान वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। शनिवार की शाम वह मोबाइल छोड़कर घर से निकला। इसके कुछ देर बाद ही स्वजन उसकी तलाश में जुट गए।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के भिलाई में चुनरी यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद, पथराव और चाकूबाजी में कई लोग घायल
फोन में लिखी सुसाइड की बात
स्वजन ने जब उसका मोबाइल देखा तो स्क्रीन पर ही एक लड़की का नाम और सुसाइड करने की बात लिखी थी। इसे देख स्वजन सकते में आ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस की टीम और रिश्तेदार उसकी तलाश में जुट गए। इधर देर रात उसलापुर रेलवे ट्रेक पर गौरव की लाश मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रविवार को पीएम कराया है। मोबाइल जब्त कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।