Bilaspur Crime: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बच्चों को नशीली दवाइयां उपलब्ध कराने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित युवक बच्चों को न …और पढ़ें

HighLights
- बच्चों को नशीली दवाइयां उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार
- इस मामले में बिलासपुर में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है
- आरोपित युवक को न्यायालय में किया गया पेश
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जूना बिलासपुर में बच्चों को नशीली दवाइयां उपलब्ध कराने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित युवक बच्चों को नशीली दवाएं देकर नशे का आदी बना रहा था। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा था। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है।
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि जूना बिलासपुर क्षेत्र में नाबालिग नशे के आदी हो रहे थे। नाबालिग मेडिकल नशे की गिरफ्त में आकर आपराधिक गतिविधियों की ओर जा रहे थे। साथ ही उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा था। इसकी शिकायत पर पुलिस ने मुखबिर तैनात किए। इसी बीच सूचना मिली कि मोहल्ले में रहने वाला अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगना (25) नाबालिगों को नशीली दवाएं दे रहा है।
इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद नाबालिग भाग निकले। पुलिस ने मौके पर मौजूद युवक को पकड़ लिया। आरोपित युवक के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन का एंपुल, प्रतिबंधित टेबलेट, निडिल और सिरिंज जब्त किया गया। पूछताछ में युवक ने बच्चों को नशीली दवाएं देना बताया। आरोपित युवक को पकड़कर थाने लाया गया। यहां पर आरोपित के खिलाफ जेजे एक्ट की धारा 77 और बीएनएस की धारा 123, 275, 286 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है। आरोपित युवक को न्यायालय में पेश किया गया है।
नशे का कारोबार करने वाला पकड़ा गया
नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने गांधी चौक मिनी स्टेडियम वाली गली में दबिश दी। पुलिस ने मौके पर दयालबंद नयापारा में रहने वाले प्रिंस बोले(20) को पकड़ लिया। तलाशी में युवक के पास नौ स्ट्रीप में 90 नग नशीला टेबलेट मिला। पूछताछ में युवक गोलमोल जवाब दे रहा था। कड़ाई से पूछताछ में आरोपित युवक ने नशीली दवाओं को बेचने के लिए लाना बताया। आरोपित युवक को गिरफ्तार कर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।