बिलासपुर में बड़ा हादसा, डिवाइडर तोड़कर स्कॉर्पियो से टकराया कोयला लदा ट्रेलर; 4 दोस्तों की मौत

Author name

February 27, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के संबलपुरी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा पहुंचा। इससे दूसरी लेन पर चल रहे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे ट्रेलर से जा टकराया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

हादसे के बाद ट्रेलर पलट गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया है। पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि उसलापुर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह पर संबलपुरी के पास स्थित ढाबे में पार्टी दिया था।

इसमें शामिल होने के लिए छत्रपाल रात्रे(37) निवासी ग्राम कुंआ, विशाल लहरे(25), अनमोल लहरेन(14) दोनों निवासी बिरगहनी और सोनू मिरी(28) निवासी कोटा व प्रकाश रात्रे गए थे। रात करीब दो बजे वहां भोजन करने के बाद सभी स्कॉर्पियो से उसलापुर की ओर लौट रहे थे।

स्कॉर्पियो सवार युवक संबलपुरी स्थित यादव ढाबा के पास पहुंचे थे। तभी रतनपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी साइड पर आ गया। इससे स्कॉर्पियो के ड्राइवर को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे ट्रेलर से जा टकराया।

हादसे में स्कॉर्पियो सवार छत्रपाल, विशाल, अनमोल और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रकाश गंभीर रूप से घायल है। इधर हादसे के बाद ट्रेलर हाईवे पर पलट गया। जिससे हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

लापरवाही के कारण हुआ हादसा

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें ट्रेलर का ड्राइवर डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड में आ गया। सब कुछ इतना अचानक हुआ कि सामने से आ रहे स्कॉर्पियो के ड्राइवर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्कॉर्पियो सीधा ट्रेलर से जा टकराया। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि ट्रेलर के ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ। इससे चार लोगों की जान चली गई।

ड्राइवर ने कहा भ्रमित हुआ इसके कारण दूसरी लेन में गया ट्रेलर

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि वह कोरबा से कोयला लोड कर हिर्री जा रहा था। संबलपुरी के पास खाली ट्रेलर के ड्राइवर ने तेजी से वाहन चलाते हुए उसे ओवरटेक किया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया। जिसके कारण ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा पहुंचा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बड़वानी में अनियंत्रित होकर खेत में घुसी यात्री बस, 16 लोग घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

दरवाजा काटकर निकाला गया शव

हादसे के बाद ढाबे के कर्मचारी और आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की सूचना पुलिस को भी दी। तब सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी और उनकी टीम भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। स्कॉर्पियो का ड्राइवर सामने की सीट पर फंस गया था। पुलिस ने तत्काल गैस कटर मंगवाकर दरवाजा कटवाया। तब ड्राइवर की लाश निकाली गई।



Source link