बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने कार रोककर सराफा व्यापारी को हथौड़े-पिस्टल से पीटा… एक करोड़ के जेवर लेकर फरार

Author name

February 17, 2026


CG Crime: बिलासपुर के राजकिशोर नगर में मंगलवार की रात सराफा व्यापारी संतोष तिवारी से करीब एक करोड़ रुपये के जेवर लूट लिए गए। बदमाशों ने कार रोककर हथौड …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 18 Feb 2026 12:35:09 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Feb 2026 05:21:59 AM (IST)

बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने कार रोककर सराफा व्यापारी को हथौड़े-पिस्टल से पीटा... एक करोड़ के जेवर लेकर फरार
CG Crime: सिर पर हथौड़े से वार कर सराफा व्यापारी से एक करोड़ के जेवर की लूट।

HighLights

  1. व्यापारी पर हथौड़े और पिस्टल से हमला
  2. बदमाश कार लेकर हुए फरार
  3. पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू की

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर के राजकिशोर नगर में मंगलवार की रात 9:30 बजे सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। वसंत विहार स्थित दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी की कार को वेन अड़ाकर रोका गया। बदमाशों ने हथौड़े और पिस्टल के ग्रिप से हमला कर करीब एक करोड़ रुपये के जेवर लूट लिए और उनकी कार लेकर फरार हो गए। घायल व्यापारी की हालत नाजुक बनी हुई है।

घर लौटते समय रास्ता रोककर हमला

राजकिशोर टेलीफोन एक्सचेंज रोड निवासी संतोष तिवारी सराफा व्यापारी हैं। उनकी बसंत विहार चौक के पास वालिया कांप्लेक्स में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के जेवर की दुकान है। मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे वे दुकान बंद कर कार से अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही बदमाशों ने उनकी कार के सामने वेन अड़ाकर रास्ता रोक लिया।

कार रुकते ही बदमाशों ने संतोष तिवारी पर हमला कर दिया। विरोध करने पर उनके सिर पर हथौड़े और पिस्टल के ग्रिप से वार किया गया। गंभीर चोट लगने से व्यापारी लहूलुहान होकर गिर पड़े।

एक करोड़ के जेवर लेकर फरार

बताया जाता है कि कार में करीब एक करोड़ रुपये के जेवर रखे थे। बदमाश अपनी वेन और बाइक मौके पर छोड़कर व्यापारी की कार लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना स्वजनों को दी, जिसके बाद घायल को बहतराई रोड स्थित प्रथम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

व्यापारी ने दिखाया साहस

हमले के दौरान संतोष तिवारी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। छीना-झपटी में बदमाश गोली नहीं चला सके। झूमाझटकी के दौरान पिस्टल का मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस सड़क पर गिर गए। कुछ जेवर भी सड़क पर बिखर गए। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी को गिराकर लातों से मारपीट की और फरार हो गए।

स्कूटी सवार युवक को धमकाया

यह पूरी वारदात पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश व्यापारी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उसे पिस्टल दिखाकर धमकाया और वहां से भगा दिया।

पुलिस ने की घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही आइजी रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएसपी निमितेष सिंह के अनुसार, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

बदमाश जिन वाहनों से आए थे, उन्हें मौके पर छोड़ गए हैं। पुलिस उनके रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चोरी के हो सकते हैं। आसपास के जिलों में भी सूचना देकर घेराबंदी की गई है।

सरकंडा पुलिस की टीम शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।



Source link