कपड़े बदल रही युवती का वीडियो बनाया, विरोध पर भाई पर चाकू से हमला; बिलासपुर में तीन आरोपियों पर केस दर्ज

Author name

March 5, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में एक युवती का कपड़े बदलते समय वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। इस घटना का विरोध करने पर युवती के भाई पर चाकू से हमला कर दिया गया। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती ने बताई पूरी घटना

तोरवा क्षेत्र में रहने वाली 38 वर्षीय महिला ने पुलिस में छेड़छाड़ और अपने बेटे पर हमले की शिकायत दर्ज कराई है। महिला के अनुसार, चार मार्च की शाम करीब चार बजे वह अपनी ननद के घर गई हुई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह वापस घर लौटी तो उसकी बेटी ने बताया कि वह अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी। उसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला मोनिस हटकेश्वर अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना रहा था।

आरोपित को पकड़ने की कोशिश

महिला के मुताबिक, उसी समय युवती के छोटे भाई ने भी आरोपित को वीडियो बनाते हुए देख लिया। आवाज लगाने पर मोनिस वहां से भागने लगा।

इसी बीच युवती की बुआ भी घर पहुंच गईं और उन्होंने आरोपित को पकड़ लिया। इस दौरान मोनिस ने अपने मोबाइल से युवती का वीडियो डिलीट कर दिया और वहां से निकल गया।

दुकान के पास किया हमला

घटना के कुछ समय बाद रात करीब सात बजे युवती का भाई घर के पास स्थित एक दुकान पर गया था। उसी समय मोनिस हटकेश्वर अपने साथियों वासु हटकेश्वर और हनी हटकेश्वर के साथ वहां पहुंच गया।

तीनों आरोपितों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।

धारदार वस्तु से किया वार

महिला ने बताया कि इसी दौरान वासु हटकेश्वर ने किसी नुकीली धारदार वस्तु से युवक की पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वहीं मोनिस हटकेश्वर और हनी हटकेश्वर ने भी युवक के हाथ, पैर और पेट में हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

लोगों के हस्तक्षेप से बची जान

घटना के दौरान युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद महिला तोरवा थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मोनिस हटकेश्वर, वासु हटकेश्वर और हनी हटकेश्वर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बिलासपुर में भीड़ का पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही से धक्का-मुक्की कर वर्दी फाड़ी… सात आरोपित गिरफ्तार



Source link