बिलासपुर के रतनपुर-कोटा मार्ग पर दीवाली के लिए पटाखा लेकर लौटते समय दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 3 बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रैफर कर दिया है।
By sarfraj memon
Publish Date: Tue, 21 Oct 2025 09:23:23 AM (IST)
Updated Date: Tue, 21 Oct 2025 09:33:00 AM (IST)

HighLights
- रतनपुर-कोटा मार्ग पर बाइकों में भिड़ंत
- हादसे में दो बाइकों पर सवार युवक घायल
- दीवाली के लिए पटाखे लेकर आ रहे थे युवक
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर-कोटा मार्ग पर सोमवार की शाम तेज रफ्तार दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सिम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के भैंसाझार निवासी युवराज सिंह अपने छोटे भाई आशू सिंह को लेकर सोमवार की शाम रतनपुर पटाखा खरीदने गया था। खरीदारी के बाद दोनों भाई करीब सात बजे अपनी मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे काल्हामार और मेंड्रापारा के बीच पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने इसकी सूचना एएसपी अर्चना झा को दी। साथ ही रतनपुर थाना प्रभारी संजय सिंह को इसकी सूचना दी गई। तब रतनपुर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें- नवा रायपुर के आसमान में दिखेगा ‘सूर्यकिरण’ का जलवा, 5 नवंबर को होगा एयर शो
पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ पता चला है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थी, जिससे आमने-सामने टक्कर हो गई।