बिलासपुर में देह व्यापार के शक में स्पा सेंटरों में घुसी पुलिस, नहीं मिला कुछ, संचालकों को दिए सख्त निर्देश

Author name

July 30, 2025


बिलासपुर में बढ़ रहे स्पा सेंटरों में देह व्यापार के शक में पुलिस ने मंगलवार को कई संस्थानों पर जांच-पड़ताल की। हालांकि पुलिस को इस छानबीन के दौरान कुछ भी नहीं मिला। पुलिस की ओर से सभी स्पा संचालकों को स्टाफ और ग्राहकों की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

By sandipYadav

Publish Date: Wed, 30 Jul 2025 11:12:27 AM (IST)

Updated Date: Wed, 30 Jul 2025 11:15:05 AM (IST)

बिलासपुर में देह व्यापार के शक में स्पा सेंटरों में घुसी पुलिस, नहीं मिला कुछ, संचालकों को दिए सख्त निर्देश
स्पा सेंटरों में पुलिस की छापेमारी (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. बिलासपुर के स्पा सेंटरों में पुलिस की छापेमारी
  2. स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार की शिकायत
  3. पुलिस ने स्पा संचालकों को दी शख्त हिदायत

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार की गतिविधियों की आशंका को लेकर मंगलवार को पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में जिलेभर के स्पा सेंटरों में एक साथ छापामार जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों के रजिस्टरों की जांच की, दस्तावेज चेक किए। इसके अलावा कर्मचारियों व संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही वहां आने वाले ग्राहकों व स्टाफ की जानकारी रखने को कहा गया।

इन सेंटरों में हुई जांच

थाना तारबाहर क्षेत्र के द एलिमेंट स्पा (बंसीवाला बिल्डिंग), सनराइज स्पा (व्यापार विहार), खुशी स्पा (नारायण प्लाजा), वहीं थाना सरकंडा क्षेत्र के ईवा स्पा में छापामार कार्रवाई करते हुए सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने सभी सेंटरों के अंदर काम करने वाले कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच की। सभी कर्मचारी भारतीय पाए गए। साथ ही ग्राहकों की जानकारी रजिस्टर में दर्ज होने की स्थिति भी जांची गई।

कर्मचारियों को दी गई सख्त हिदायत

कार्रवाई के दौरान स्पा संचालकों व स्टाफ को चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध हरकत पाई जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आने वाले प्रत्येक ग्राहक और स्टाफ की जानकारी दस्तावेज सहित सुरक्षित रखने की अनिवार्यता बताई गई है। पुलिस अफसरों ने कर्मचारियों को समझाइश देते हुए यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।

सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत

बिलासपुर शहर में स्पा सेंटरों की संख्या तेजी से बढ़ी है और अक्सर ऐसे सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। इसे लेकर पुलिस मुख्यालय ने भी सख्ती के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह व्यापक कार्रवाई की गई, जिससे ऐसे प्रतिष्ठानों की पारदर्शिता बनी रहे और कोई अवैध कारोबार न पनप सके।



Source link