CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हैरान कर देने वाला मामला देखने को मिला है, जहां शादी के 20 दिन बाद ही एक युवती ने अपने पति को अपने प्रेमी से पिटवाया। मामले में अहम मोड़ तब आया, जब वह पति की पिटाई के बाद प्रेमी की बाइक पर बैठकर फरार हो गई।
By Mohan Kumar
Publish Date: Thu, 26 Jun 2025 11:17:17 AM (IST)
Updated Date: Thu, 26 Jun 2025 11:32:20 AM (IST)

HighLights
- शादी के 20 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई युवती
- युवती ने प्रेमी से कराई पति की पिटाई
- पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शादी के 20 दिन बाद मायके से पति के साथ ससुराल जा रही युवती के प्रेमी ने उन्हें रास्ते में रोका। इसके बाद प्रेमी और उसके दोस्तों ने युवती के पति की पिटाई की। इसी बीच युवती पति की बाइक से उतरकर प्रेमी के बाइक पर बैठकर फरार हो गई। पति ने मामले की शिकायत तोरवा थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर हमलावरों की तलाश कर रही है।
20 दिन पहले हुई थी शादी
मस्तूरी क्षेत्र के आंकडीह निवासी अंकित महिलांगे की शादी 20 दिन पहले बिल्हा क्षेत्र के ग्राम भैंसबोड में रहने वाली युवती से हुई थी। विदाई के बाद युवती अपने ससुराल पहुंची। इसके दूसरे ही दिन उसके मायके वाले लेने के लिए आ गए। इसके बाद वह करीब 20 दिन तक अपने मायके में रही। शनिवार 21 जून को अंकित अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर बाइक से घर ला रहा था।
मौका देखते हुए प्रेमी संग फरार हुई युवती
दोनों तोरवा थाना क्षेत्र के ढेका स्थित वैभव पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने अंकित की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ही युवती अपने पति की बाइक से उतरकर युवकों के पास चली गई। एक युवक अंकित को छोड़कर अपनी बाइक के पास पहुंचा। उसने जैसे ही अपनी बाइक स्टार्ट की, युवती उसके पीछे बैठ गई।
पुलिस ने दर्ज किया मारपीट का मामला
युवक अंकित की पत्नी को लेकर भाग निकला। इधर मारपीट करने वाले युवक भी उसे छोड़कर अपनी बाइक से भाग निकले। घायल अंकित ने घरवालों को इस पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने तोरवा थाने में पहुंचकर शिकायत की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: पहले बेटे को खोया, अब बैंक भी जमकर ‘रुला’ रहा, दिल चीर देगी बुजर्ग पिता की कहानी